जबलपुर. मेडिकल कॉलेज जबलपुर के कोविड प्रभारी डॉ.संजय भारती ने कोरोना के लगातार बढ़ते प्रकरणों को देखते हुए नागरिकों से अत्यधिक सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोरोना के इतने गंभीर मामले सामने आ रहे हैं कि लग रहा है कि अभी नहीं संभले, तो स्थिति बहुत भयानक होगी। उन्होंने वीडियो के जरिए जबलपुर की जनता से अपील करने के साथ-साथ जरूरी गाइड लाइन भी बताईं।
पिछले साल से ज्यादा बुरे हालात हो सकते हैं
डॉ. भारती ने वीडियो के जरिए कहा कि पिछले साल हमने कोरोना त्रास्दी को झेला और शासन-प्रशासन व जनमानस के सहयोग से उसपर विजय प्राप्त करने में कामयाब रहे थे। क्योंकि हम सभी ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया, मास्क लगाए रखे और समय-समय पर सैनेटाइजेशन किया। इस अनुशासन से हमने कोविड-19 पर काबू पाया, पर अब दोबारा कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। इस वर्ष कोरोना की वापसी के साथ बहुत गंभीर अवस्था में और बहुत ज्यादा संख्या में कोरोना के मरीज यहां पहुंच रहे हैं।
लक्षणों पर ध्यान नहीं दे रहे लोग :
डॉ. भारती ने आगे कहा कि लोग बहुत ज्यादा लापरवाही कर रहे हैं और अपने लक्षणों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ज्यादा बीमार पड़ने के बाद ही लोग चिकित्सक से संपर्क कर रहे हैं। हमें फिर से सचेत होना है, फिर पुराने नियमों का पालन करना है, जबतक आवश्यक ना हो घरों से नहीं निकलना है। मास्क बिना लगाए कहीं भी ना निकलें और भीड़ में जानें से बचें।
युवा और बच्चे रखें इन बातों का ध्यान :
कोविड प्रभारी डॉ. भारती ने आगे कहा कि जिन घरों में बुजुर्ग हैं, वहां बच्चों और युवाओं को खास ध्यान देने की आवश्यकता है। जबतक जरूरी ना हो घर से ना निकलें। ऐसा इसलिए क्योंकि युवा और बच्चे अपने घर के बुजुर्गों को भी संक्रमित कर सकते हैं, भले ही उनमें किसी प्रकार के लक्षण नजर ना आएं।
घर आनें पर नहाएं या सैनेटाइज करें :
अपने वीडियो में डॉक्टर ने कहा कि बाहर से घर लौटने पर नहाएं या खुद को सैनेटाइज भी करें। साथ ही बाहर से आने के बाद बुजुर्गों से दूरी बनाकर रखें। 45 वर्ष से ऊपर के लोगों के लिए टीकाकरण भी शुरू हो गया है इसलिए सभी लोग आवश्यक रूप से टीका जरूर लगवाएं, जिससे बीमारी के गंभीर लक्षणों से आप बच सकें। टीका लगने के बाद अगर संक्रमण होता भी है, तो यह गंभीर रूप नहीं ले पाता।
