पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ते मामले को देखते हुए सरकार ने सात दिन के लिए शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया। इसके पहले पुणे में रात आठ बजे से सुबह सात बजे तक कर्फ्यू लगाया गया था जिसका समय बदल कर शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक कर दिया गया। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कोविड-19 की समीक्षा बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। इसके अलावा, रेस्तरां, बार, मॉल और धार्मिक स्थानों को सात दिनों के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है। 

पुणे मंडल के आयुक्त सौरभ राव ने आज यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि रेस्टोरेंट्स को रात 10 बजे तक फूड पार्सल और डिलीवरी सर्विस देने की अनुमति दी जाएगी। अभी पूरे महाराष्ट्र में राज आठ बजे से सुबह सात बजे का कर्फ्यू जारी है। राव ने कहा कि विवाह और अंतिम संस्कार को छोड़कर, किसी भी सामाजिक, सांस्कृतिक या राजनीतिक कार्यक्रम को अगले सात दिनों तक नहीं होने दिया जाएगा। 

अंतिम संस्कार के लिए अधिकतम 20 व्यक्तियों को अनुमति दी जाएगी और विवाह के लिए 50 लोगों के शामिल होने की अनुमति दी जायेगी। उन्होंने कहा कि पुणे में वर्तमान में सबसे अधिक कोरोना वायरस के टीका लगाये जा रहे हैं, यहां गुरुवार को 57 हजार लोगों को टीके लगाये गये लेकिन इसे बढ़ा कर हम एक लाख लोगों को प्रति दिन टीका लगायेंगे। अगले दो दिन में 80 लोगों को टीका लगाया जायेगा और कुछ दिन में प्रति दिन एक लाख लोगों को टीका लगाया जायेगा। बुधवार को पुणे में कोरोना वायरस से 8593 लोग संक्रमित पाये गये। कोरोना वायरस के संबंध में 26 मार्च को बैठक हुयी थी और इस संबंध में आज भी बैठक हुयी। बैठक में श्री पवार ने कहा कि यदि कोरोना वायरस की स्थिति में सुधार नहीं हुयी तो सरकार को मजबूरन ‘लॉकडाउन’ लगाना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *