राजस्थान के जालोर और राजसमंद जिलों में रविवार सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बच्चों सहित सात लोगों की मौत हो गई। जबकि दो बच्चे घायल हो गए । पुलिस ने बताया कि जालोर जिले के चितलवाना थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक ट्रेलर और कार की आमने सामने भिड़ंत में कार में सवार दो बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारी खम्माराम बिश्नोई ने बताया कि जोधपुर से सांचौर जा रही कार की परावा के पास सामने से आ रहे एक तेज गति के बेकाबू ट्रेलर से भिडंत हो गई।  जिससे कार में सवार शांति देवी उसके दो बेटों भजन लाल, दिनेश और दोहिता जसराज, दोहिती हातिशा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेलर का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

कार पलटने से हुआ हादसा

वहीं राजसमंद जिले के भीम थाना क्षेत्र में हुए एक अन्य सड़क हादसे में कार के पलट जाने से उसमें सवार एक दंपत्ति की मौत हो गई। जबकि उनके दो बच्चे घायल हो गए। थानाधिकारी गजेन्द्र सिंह ने बताया कि सूरत से हनुमानगढ़ जा रही कार टोगी गांव के पास पलट जाने से उसमें सवार एक दंपत्ति सिद्धार्थ बेनीवाल और उनकी पत्नी सुमन बेनीवाल की मौत हो गई जबकि उनके दो बच्चे घायल हो गये। घायलों को उपचार के लिये राजकीय चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि कार की स्पीड ज्यादा होने की वजह से यह हादसा हुआ । फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार में मातम का मौहल बना हुआ है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *