भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा के स्थापना दिवस पर पार्टी के कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि कार्यकर्ता प्रदेश से कोरोना संक्रमण खत्म करने का संकल्प लें।

चौहान ने पार्टी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि जनसंघ से लेकर भाजपा तक की यह यात्रा संघर्षो से भरी रही है। उन्होंने कहा कि जनसंघ की स्थापना एक गौरवशाली, वैभवशाली, शक्तिशाली और समृद्ध भारत की स्थापना के लिए हुई थी। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश इस रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। 

चौहान ने कहा कि भाजपा सिर्फ सत्ता के लिए राजनीति नहीं करती। कोरोना संकट के दौरान जब कोई बाहर नहीं निकल रहा था, प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष के आव्‍हान पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने लोगों की हर तरह से मदद की, इसके लिए मैं आप सभी को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि हम अपने लिए नहीं हैं, जनकल्याण के लिए हैं, इसका अनुपम उदाहरण पार्टी कार्यकर्ताओं ने कोरोना संकट के दौरान प्रस्तुत किया। 

चौहान ने कहा कि अब हमें कोरोना संक्रमण को बढ़ने से रोकना है, लेकिन यह काम सिर्फ सरकार नहीं कर सकती, इसके लिए समाज को खड़ा होना होगा और इस काम में पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता लोगों को मास्क लगाने, सोशल डिस्टेसिंग रखने, बार-बार हाथ धोने के लिए समझाएं। पात्र लोगों को कोरोना वेक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करें और वेक्सीनेशन सेंटर पर कोई अव्यवस्था न हो, इसका भी ध्यान रखें। 

चौहान ने कहा कि आज पार्टी के स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ता प्रदेश को कोरोना संक्रमण मुक्त बनाने और इस काम में सरकार के साथ खड़े होने का संकल्प लें। इसके लिए कार्यकर्ता 181 पर कॉल करके कोरोना वालंटियर के रूप में रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *