ग्वालियर ! हरियाण और पंजाब के राज्यपाल प्रो कप्तान सिंह सोलंकी ने कहा कि किसी कार्य के बारे में अगर हम यह सोचकर निर्णय लेंगे कि वह मानवता के लिये कितना कल्याणकारी है, तो वह निर्णय सदैव मानवता के हित में होगा।
प्रो. सोलंकी आज यहां रोटरी क्लब के संयुक्त पदारोहण एवं दायित्व ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मनुष्य इसलिये मनुष्य है कि उसमें परोपकार, जितेन्द्रीय व आध्यात्मिक गुण हैं। इसलिये हमें कभी ऐसा नहीं सोचना चाहिए, जिससे किसी का बुरा होता हो और भारतीय दर्शन भी यही कहता है।
उन्होंने कहा कि स्वामि विवेकानंद ने अमेरिका के शिकागो शहर में अपने संदेश में कहा था कि नर सेवा ही नारायण की सेवा है और इसी दर्शन को लेकर शिकागो शहर में ही रोटरी क्लब की स्थापना हुई थी। इस समाजसेवी संस्था का विस्तार अब 209 देशों में हो गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय दर्शन, वसुधैव कुटुम्बकम के सिद्धांत पर काम करता है। रोटरी क्लब भी इसी सिद्धांत पर काम कर रहा है।
