इंदौर। वर्ष 2021-22 के नए प्रस्तावित बजट में इंदौर नगर निगम ने शहरवासियों पर कोई नया टैक्स नही लगाया है। बुधवार को तीन दिन की मशक्कत के बाद 5162 करोड़ का प्रस्तावित बजट स्वीकृत किया गया।
नगर निगम के प्रशासक और संभागायुक्त डॉ पवन कुमार शर्मा की अध्यक्षता में नगर पालिक निगम इंदौर का वर्ष 2021-22 के बजट के प्रस्ताव पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित बजट को स्वीकृति दी गई। बैठक में निगमायुक्त प्रतिभा पाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
आज बजट को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशासक और निगमायुक्त ने बताया कि नगर निगम के प्रस्तावित बजट में कोई नया कर नहीं लगाया गया गया है। वही करों की पूर्व दरों में भी कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। बजट में संपत्ति कर के 6.25 % छूट के साथ अग्रिम भुगतान हेतु समय सीमा को 30 सितंबर तक बढ़ाया गया है। साथ ही बिना किसी अधिभार के विवरणी सहित संपत्ति कर जमा करने की तिथि 31 दिसंबर 2021 नियत की गई है।
नगर निगम द्वारा इंदौर में तेजी से बढ़ती हुई जनसंख्या और उसी के अनुरूप शहर में आवश्यक विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मदों में राशि प्रस्तावित की गई है । नगर निगम द्वारा इंदौर रोड मैप 2021-2026 के मुख्य घटक शहरी अधोसंरचना ट्रैफिक प्रबंधन, आत्मनिर्भर इंदौर, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक दायित्वों को केंद्रित करते हुए बजट को तैयार किया गया है।