ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के फूप थाने के तत्कालीन थाना प्रभारी जेएस यादव को न्यायालय से सजा मिलने के बाद नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने बताया कि टीआई जेएस यादव को रिश्वत के मामले में सजा मिलने के बाद पुलिस महानिदेशक सुरेन्द्र सिंह ने बर्खास्त कर दिया है। गत 23 जनवरी को भिण्ड न्यायालय के विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण ओपी सुनरया ने 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकडे गए फूप थाने के टीआई जेएस यादव को मामले का दोषी पाए जाने पर 5 साल की सजा और 40 हजार रुपए का जुर्माना किया था।
पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने बताया कि ग्वालियर लोकायुक्त टीम द्वारा फूप थाने के टीआई जेएस यादव को एक लोडिंग वाहन मालिक से 20 सितम्बर 2013 को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकउे जाने पर टीआई को निलंबित कर दिया गया था। टीआई वर्तमान में भिण्ड जेल में बंद है।
