ग्वालियर।भिण्ड शहर के वार्ड नम्बर 39 में बनाई गई सीसी सडक का फर्जी भुगतान किए जाने के मामले की जांच करने के लिए अपर कलेक्टर आरपी भारती नगरपालिका कार्यालय पहुंचे लेकिन ढाई घण्टे इंतजार के बाद भी उनको उस निर्माण कार्य की फाइल उपलब्ध नहीं कराई गई। इतना ही नहीं जब अपर कलेक्टर ने अपने मोबाईल से प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं भिण्ड एसडीएम बीबी अग्निहोत्री को फोन लगाया गया तो उन्होंने भी फोन रिसीव नहीं किया। अपर कलेक्टर ने जब नगरपालिका कार्यालय को ही सील करने की कार्यवाही की जाने लगी तब निर्माण शाखा का बाबू संबंधित फाइल लेकर आया। बाद में अपर कलेक्टर आरपी भारती पूरे रिकार्ड को जप्त कर के अपने साथ ले गए।
भिण्ड नगरपालिका के वार्ड 39 के पार्षद मुकेश गर्ग ने कलेक्टर इलैया राजा टी को शिकायत की थी कि उनके वार्ड में सांसद निधि से बनाई गई सीसी सडक का नगरपालिका से भी भुगतान कर दिया गया है। इस शिकायत के बाद वार्ड 39 में बिना वर्क ऑर्डर के एक सीसी सडक बनाई जा रही थी। पुलिस और प्रशासन के पहुंचने की टीम पहंुचने के बाद मौके से ठेकेदार भाग गया। मौके पर पहंुचे तहसीलदार आरए प्रजापति और देहात थाना प्रभारी राजेश तोमर ने सडक बनाने वाली मशीन को जप्त कर लिया।
प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं भिण्ड एसडीएम बीबी अग्निहोत्री ने बताया कि वार्ड 39 में सडक सांसद निधि से आरईएस ने बनाई थी, जिसके बाद में नगरपालिका से भी फर्जी भुगतान कर दिया गया। इस सडक के टेंडर तत्कालीन सीएमओ आरएस छारी के समय में हुए थे। उन्होंने ही काम के पूरे होने का सर्टिविकेट दिया। इसके साथ ही उपयंत्री गजेन्द्र भदौरिया ने सडक का मूल्यांकन किया। मामले की जांच करनी थी मगर निर्माण शाखा का बाबू बिना बताए गायब होने पर निलंबित कर दिया गया है और उपयंत्री गजेन्द्र भदौरिया को उसके मूल विभाग में भेजने व कार्यवाही के लिए कलेक्टर को प्रतिवेदन भेजा है।
अपर कलेक्टर आरपी भारती ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर नगरपालिका के वार्ड नम्बर 39 में बनाई गई सीसी सडक निर्माण की जांच के लिए नगरपालिका से कल रिकॉर्ड जप्त कर लिया है। अभी आरईएस और जिला योजना मण्डल से भी सडक के संबंध में फाइल मंगाई गई है। पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट कलेक्टर को सौंप दी जाएगी तभी कलेक्टर द्वारा फर्जी भुगतान के मामले में कार्यवाही की जाएगी।
भिण्ड कलेक्टर से शिकायत करने वाले नगरपालिका के वार्ड नम्बर 39 के पार्षद मुकेश गर्ग ने बताया कि सीसी रोड के फर्जी भुगतान में निर्माण शाखा के बाबू राजेन्द्र श्रीवास्तव अकेले जिम्मेदार नहीं हैं बल्कि प्रभारी सीएमओ एवं भिण्ड एसडीएम बीबी अग्निहोत्री भी है। उन्होंने भुगतान के समय कागजात नहीं देखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *