भोपाल ।  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के संरक्षण और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह के मार्गदर्शन में कांग्रेस पार्टी के बैनर तले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की मीडिया पैनेलिस्ट (प्रवक्ता) और भारतीय वायुसेना की विंग कमांडर अनुमा आचार्य (सेवानिवृत्त) के नेतृत्व में देवास, सीहोर और रायसेन में 19 नवंबर से 275 किलोमीटर की प्रथम चरण की गांधी संदेश जन संवाद पदयात्रा करने का निर्णय लिया गया है। इस यात्रा का उद्देश्य बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और जनमानस में फैली भ्रांतियों पर जनसंवाद कर उनके भ्रम को दूर करना है। यह यात्रा कांग्रेस द्वारा चलाये जा रहे जन जागरण अभियान के मुद्दों पर आधारित होगी।

अनुमा आचार्य ने गांधी संदेश जनसंवाद पदयात्रा के संबंध में अपने गृह नगर विदिशा में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पदयात्रा के उद्देश्यों और जनमानस के मनस्थिति में फैली भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों  और भ्रांतियों के बारे में विस्तृत चर्चा की।

सुश्री आचार्य ने बताया कि जनसंवाद पदयात्रा दो चरणों में होगी। पदयात्रा का पहले चरण का शुभारंभ 19 नवंबर को देवास जिले के नेमावर से खातेगांव तक 16 किलोमीटर का होगा, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह शामिल रहेंगे। दूसरे दिन की यात्रा खातेगांव से कन्नौद तक होगी। रात्रि विश्राम के बाद पद यात्रा 21 नवंबर से पुनः अमलाहा से शुरू होगी जो 275 किलोमीटर की यात्रा पूर्ण कर रायसेन जिले के बाड़ी में समाप्त होगी। यात्रा के दौरान जगह-जगह जन चौपाल के माध्यम से कांग्रेस पार्टी की समावेशी नीतियों से अवगत कराते हुये गांधी जी के विचारों से ओतप्रोत ‘एकादश व्रत’ पर आधारित एक बुकलेट भी नागरिकों को बांटी जायेगी और उन्हें सर्वोदय के सिद्वांतों की जानकारी दी जायेगी। इस यात्रा का दूसरा चरण रायसेन जिले की बमोरी से शुरू होकर रायसेन जिले तक जनवरी 2022 में होना प्रस्तावित है।

इस पदयात्रा के दौरान सुश्री आचार्य एवं यात्रा में शामिल सदस्य स्थानीय नागरिकों से महंगाई, बेरोजगारी, महिला उत्पीड़न, निजीकरण, स्थानीय मुद्दों के साथ केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार जनविरोधी नीतियों, वाट्सएप, फेसबुक के माध्यम से फैलायी जा रही विभिन्न भ्रांतियों पर जनसंवाद कर उनकी प्रमुख परेशानियों को जानेगे। पदयात्रा में अभा प्रोफेशनल कांग्रेस के कई पदाधिकारी, मप्र महिला कांग्रेस की अध्यक्ष डॉ. अर्चना जायसवाल, पूर्व महापौर विभा पटेल, मोना सुस्तानी-राजगढ़, नूरी खान-उज्जैन, किरण अहिरवार-टीकमगढ़, प्रीति ठाकुर-रायसेन, प्रियंका किरार-विदिशा, रिंकी माहेश्वरी-सिरोंज सहित स्थानीय विधायकगण, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, मोर्चा संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सुश्री आचार्य के साथ पदयात्रा में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *