इंदौर । इंदौर के भंवरकुआं इलाके में दिनदहाड़े डकैती पड़ी है। भोलाराम उस्ताद मार्ग पर पं. जयप्रकाश वैष्णव के घर गुरुवार दोपहर 2 बजे 5 से 6 बदमाशों ने वारदात की। मां, दो बेटियों और दो नौकरानियों को एक कमरे में बंधक बनाकर बदमाश 1.50 लाख का कैश ले गए। बड़ी बेटी को गनपॉइंट पर लिए रहे।
पं. जयप्रकाश वैष्णव का पिछले साल दिसंबर में कोरोना से निधन हो चुका है। वह ज्योतिष थे। घर पर पत्नी और छोटी बेटी श्वेता रहती है। बड़ी बेटी नेहा की 4 साल पहले शादी हो चुकी है। वह अपनी दो साल की बच्ची के साथ मायके आई हुई हैं। छोटी बेटी श्वेता ने बताया कि घर खुला था। बदमाश सीधा अंदर घुस आए। एक के हाथ में गन थी। बाकी चाकू लिए थे। पूछा- पैसा कहां रखा है। इसके हम सभी को एक कमरे में ले जाकर हाथ-पैर टैप से बांध दिए। मुंह पर भी टैप चिपका दिया। बदमाश 27 से 30 साल की उम्र के थे।
ज्वेलरी ले जाने वाले थे, नकली बताने पर छोड़ा
श्वेता के मुताबिक, बदमाश चर्चा कर रहे थे कि घर में 9 करोड़ रुपए रखे हैं। वे अपने साथ 6 से 7 बैग लेकर आए थे। सभी चेहरा हेलमेट या फिर मास्क और कपड़े से कवर किए हुए थे। वे ज्वेलरी भी लेकर जा रहे थे, लेकिन जब उनसे कहा कि ये नकली है तो छोड़ गए।
बदमाशों के जाते ही बड़ी बेटी ने सभी को खोला
नेहा ने बताया कि एक बदमाश ने उन्हें गनपॉइंट पर ले रखा था। बाकी लोगों की तरह उन्हें बांधा नहीं गया। हम सभी अलग-अलग रूम में थे। बदमाश हमें एक रूम में ले आए। बदमाशों के जाने पर उन्होंने सभी को खोला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। जाते-जाते बदमाश बाहर से लॉक कर गए थे। नीचे किराएदार रहती है। उसने आकर गेट खोला।
किराएदार छात्रा से बोले- हम भी बुंदेलखंड से
किराएदार सीमा यादव छतरपुर की रहने वाली है। वह यहां रहकर MPPSC की तैयारी कर रही है। उसने बताया कि बदमाश जब आ रहे थे तो उसे जान से मारने की धमकी दी। कहा था जब वे चले जाएं तो गेट खोलना, वरना मार डालेंगे। बदमाशों ने उससे पूछा कि वह कहां की रहने वाली है। उसने छतरपुर बताया तो बदमाशों ने कहा कि हम भी बुंदेलखंड के रहने वाले हैं। टीआई संतोष दूधी के मुताबिक 6 बदमाश थे, जो बाइकों से आए थे। जांच की जा रही है।
