इंदौर । स्वच्छ सर्वेक्षण-2021 में मध्यप्रदेश के इंदौर शहर का एक बार फिर डंका बजा है। इंदौर 5वीं बार भी देशभर में अव्वल आया है। वर्ष 2017 से इंदौर देशभर में नंबर-1 पर आ रहा है। इस बार इंदौर ने सफाई का ‘पंच’ लगा दिया। सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज में भी इंदौर अव्वल रहा। इसमें 12 करोड़ रुपए का पुरस्कार मिला। MP कई शहरों ने अच्छी रैंकिंग पाई है। मध्यप्रदेश को कुल 35 अवार्ड मिलेंगे। इंदौर के पांचवीं पर टॉप रहने पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का इंदौरी अंदाज दिखा। उन्होंने ट्वीट किया- वाह भिया! छा गया अपना इंदौर…
इंदौर के नम्बर वन होने के साथ ही राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जब टीम इंदौर को अवार्ड दिया तो इंदौर में जश्न शुरू हो गया। स्वच्छता के पंच को लगाने के साथ ही शहर में सफाई मित्रों को पुरस्कृत भी किया जा रहा है साथ ही शहरवासी एक दूसरे को शुभकामनाएं दे रहे है।
10 लाख आबादी वाले शहरों में मध्य प्रदेश का इंदौर पहले नंबर पर रहा, भोपाल सातवें, ग्वालियर 15वें और जबलपुर 20वें नंबर पर रहा। वहीं एक लाख से 10 लाख तक आबादी वाले शहरों में मध्य प्रदेश के 25 शहरों के नाम है। 50 हजार से एक लाख आबादी वालों में 26 शहरों के नाम है। 25 हजार आबादी वाले शहरों में 26 शहरों के नाम है।
