भोपाल । मध्यप्रदेश के जनसंपर्क डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने आज सुबह कानपुर में रेल दुर्घटना के घायल यात्रियों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की। दतिया जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित लगभग 100 अधिकारी कर्मचारी दुर्घटना स्थल और विभिन्न अस्पतालों में आवश्यक राहत कार्यों को अंजाम दे रहे हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना में दिवंगत मध्यप्रदेश के 28 रेल यात्री में से 27 की शिनाख्त का कार्य पूरा होने के बाद उनके पार्थिव शरीर ससम्मान परिवारों के लिए रवाना किए जा चुके हैं। दतिया की टीम लगातार कार्य कर रही है। इस रेस्क्यू टीम ने कल से घायल यात्रियों के प्राथमिक उपचार, उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाने और स्वास्थ्य केन्द्रों में निरंतर संपर्क कर भोजन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने का कार्य किया।
कलेक्टर दतिया मदन कुमार ने बताया कि अब तक कुल 143 मृतकों में से 114 की शिनाख्त की जा चुकी है। मध्यप्रदेश के एक यात्री की शिनाख्त अभी नहीं हुई है। अन्य दिवंगत यात्रियों के पोस्टमार्टम के बाद उनके परिवारों तक शव भिजवाने के लिए परिवहन और ईधन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई हैं।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कल कानपुर पहुंचकर राहत कार्यो का अवलोकन किया था।जनसंपर्क मंत्री डॉ. मिश्रा आज भी राहत कार्यों को स्वयं देख रहे हैं।उनके साथ 20 चिकित्सकों की टीम, राजस्व और पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद हैं।छतरपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंद्रमोहन ठाकुर को हैलट अस्पताल में भर्ती घायल यात्रियों की देखभाल के लिए निर्देशित किया गया है।इस अस्पताल में दाखिल प्रदेश के गंभीर घायलों की संख्या 26 है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *