इंदौर ! बाणगंगा इलाके में जॉब पर जाने के लिए घर से पैदल निकली महिला पर पीछे से आए बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने तेजाब फेंक दिया। तेजाब शरीर पर गिरने से महिला 35 प्रतिशत तक झुलस गई। गंभीर हालत में उसे लोगों ने 108 एम्बुलेंस से एमवायएच पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार महिला का नाम यशोदा पति जगदीश सिंह (34) निवासी बाणगंगा है। महिला ने बताया वह अपनी 13 वर्षीय बेटी के साथ इंदौर में किराए का मकान लेकर रहती है। यहां सांवेर रोड स्थित एक फैक्ट्री में वह काम करती है। उसका पति मथुरा में रहता है और खेती करता है। प्राथमिक जांच में ये बात सामने आई है कि महिला को पिछले कुछ दिनों से कोई युवक छेड़छाड़ कर परेशान कर रहा था। संभवत: उसी युवक ने अपने एक साथी के साथ बाइक पर आकर उस पर तेजाब से अटैक किया है। बाणगंगा पुलिस के अनुसार घटना दीपमाला ढाबे के सामने हुई है। फिलहाल घायल महिलाओं को बर्न यूनिट में रखा गया है।