शहडोल। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) जबलपुर की टीम ने शहडोल में बड़ी कार्रवाई करते हुए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहायक प्रबंधक अभ्यंकर शर्मा को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बैंक अधिकारी पर बैंकिंग कियोस्क संचालन की अनुमति देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, शहडोल निवासी दीपेंद्र सिंह ने जिले में चार बैंकिंग कियोस्क खोलने के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में आवेदन किया था। आरोप है कि प्रस्ताव को स्वीकृति देने और आवश्यक अनुमति जारी करने के एवज में क्षेत्रीय कार्यालय में पदस्थ सहायक प्रबंधक अभ्यंकर शर्मा ने 10 हजार रुपए की

रिश्वत की लगातार मांग से परेशान होकर दीपेंद्र सिंह ने सीबीआई जबलपुर इकाई के पुलिस अधीक्षक एस.के. राठी से शिकायत की। शिकायत के प्रारंभिक सत्यापन के बाद सीबीआई ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

गुरुवार को शिकायतकर्ता निर्धारित योजना के तहत रिश्वत की राशि लेकर बैंक अधिकारी से मिलने पहुंचे। बताया गया कि बैंक परिसर के बाहर गुरुद्वारे के पास अभ्यंकर शर्मा ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपए लिए। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम अपने कब्जे में ली, पहले से निगरानी कर रही सीबीआई टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई। सूत्रों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी सहायक प्रबंधक ग्वालियर का निवासी है। सीबीआई ने उसके आवास पर भी छापेमारी की कार्रवाई की है। मामले में आगे की जांच जारी है।