शिवपुरी । शिवपुरी जिले के मगरौनी इलाके की यूट्यूबर रचना गुर्जर सुर्खियों में हैं. उनके घर कुछ दिनों पहले एक बड़ी चोरी की घटना हुई थी. इस मामले में चोरों की पूरी हरकत घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई थी. करीब 10 लाख रुपये की इस बड़ी चोरी के बाद अब पीड़ित यूट्यूबर रचना गुर्जर और शिवपुरी पुलिस आमने-सामने आ गए हैं. रचना गुर्जर लगातार सोशल मीडिया पर वीडियो और पोस्ट डालकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रही हैं.
यूट्यूबर रचना गुर्जर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वीडियो जारी कर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि वारदात के दिन की पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रही है, इसके बावजूद पुलिस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी में ढील बरत रही है.
अपने हालिया वीडियो में रचना गुर्जर ने बेहद आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा, “यदि पुलिस ने इस मामले में सही तरीके से और जल्द कार्रवाई नहीं की, तो मुझे अपनी लड़ाई खुद लड़नी होगी. मैं न्याय के लिए ‘झांसी की रानी’ बनने से भी पीछे नहीं हटूंगी.” सोशल मीडिया पर उनकी यह पोस्ट और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे पुलिस प्रशासन पर भी जन-दबाव बनने लगा था.
महिला पुलिस कप्तान का दो टूक जवाब
पुलिस की कार्यप्रणाली और नीयत पर सरेआम उठाए जा रहे सवालों को लेकर शिवपुरी की पुलिस अधीक्षक (SP) यांगचेन डोलकर भूटिया ने बेहद कड़ा और स्पष्ट रुख अपनाया है. मीडिया से बात करते हुए एसपी ने साफ किया कि पुलिस किसी के सोशल मीडिया वीडियो के दबाव में आकर काम नहीं करती.
एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने कहा, “पुलिस इस चोरी के मामले में स्थापित कानूनी प्रक्रिया के तहत पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है. चोरों की तलाश और साक्ष्यों को जुटाने में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही नहीं बरती जा रही है. यदि कोई सोशल मीडिया पर सवाल उठा रहा है या बयानबाजी कर रहा है, तो उससे पुलिस को कोई लेना-देना नहीं है. कानून अपना काम अपने तरीके से और सही दिशा में कर रहा है.”
यह पूरा विवाद शिवपुरी जिले की मगरोनी चौकी क्षेत्र का है, जहां कुछ दिनों पहले चोरों ने यूट्यूबर रचना गुर्जर के सूने घर को निशाना बनाया था. चोर घर से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेट ले गए थे. चूंकि मामला एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से जुड़ा है और इसमें ‘झांसी की रानी’ जैसे भारी-भरकम शब्दों का इस्तेमाल कर पुलिस को घेरा जा रहा है, इसलिए यह खबर पूरे अंचल में चर्चा का विषय बनी हुई है. अब देखना होगा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कब तक चोरों को दबोचकर इस विवाद पर विराम लगाती है.
