भोपाल।  सोमवार को बालाघाट में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए तीन नक्सलियों के पास पुलिस के हथियार मिलने से प्रदेश पुलिस सकते में है। पुलिस ने अब नक्सल प्रभावित सभी राज्यों से उनके यहां के लूट या चोरी गए हथियारों की जानकारी मांगी है। इन नक्सलियों के पास से बड़ी मात्रा में पुलिस के हथियार बरामद किए हैं। खासबात यह है कि ये हथियार मध्य प्रदेश पुलिस के नहीं हैं। इसलिए अब यह पता किया जा रहा है कि ये किस राज्य की पुलिस के हथियार हैं।

पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ ही उडीसा, आंध्रप्रदेश, झारखंड सहित कुछ अन्य राज्यों की पुलिस से हथियारों के संबंध में जानकारी मांगी है। इस जानकारी में पिछले लगभग दो दशक के दौरान इन राज्यों में हुए पुलिस के हथियार चोरी या लूट की जानकारी मांगी है। वहीं कुछ थ्री नॉट थ्री पर नंबर मिट हुए हैं। इन हथियारों के नंबर नहीं मिलने के कारण पुलिस को इतनी मशक्कत करना पड़ रही है। जबकि कुछ हथियारों पर नंबर लिखे हुए मिले हैं। इनकी जानकारी भी नक्सल प्रभावित राज्यों को भेजी गई है।

इसके अलावा एक एके 47 भी इन नक्सलियों के पास मिली थी। मुठभेड़ के दौरान एके 47 की दो मैग्जीन फायर नक्सलियों ने पुलिस पर किए थे। दो मैग्जीन खाली मिली थी। यह भी नक्सलियों के पास कहां से आई यह पता किया जा रहा है। वहीं इनके पास मिले साहित्य को लेकर भी कवर्धा, राजनादगांव और महाराष्टÑ के गढ़ चिरौली की पुलिस भी बालाघाट पहुंची है। इनके पास मिले नक्सली साहित्य कई क्षेत्रीय भाषाओं में भी हैं, इसलिए इन साहित्य को लेकर भी जांच चल रही है।