भोपाल। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार को दोपहर में आकाशीय बिजली गिरने से 3 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रैफर किया गया है। मृतक तीनों बच्चियों की उम्र 14 से 15 साल के बीच की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।

जानकारी के अनुसार, मऊगंज थाने के चाक मोड़ के समीप तालाब की मेढ़ कुछ बच्चे शनिवार को दोपहर करीब दो बजे खेल रहे थे। उसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और बारिश होने लगी। बारिश से बचने के लिए सभी बच्चे पेड़ के नीचे छिप गए। इस दौरान पेड़ में आकाशीय बिजली गिरी, जिससे छह बच्चे बुरी तरह झुलस गए। स्थानीय लोग सभी घायलों को मऊगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर आए, जहां 15 वर्षीय छाया केवट पुत्री राजकुमार केवट निवासी मुडहान टोला, 14 वर्षीय रेशमा केवट पुत्री भरतलाल केवट और 14 वर्षीय मीरु केवट पुत्री भरतलाल केवट को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि शेष चार बच्चों का उपचार जारी है। मृतक बच्चियों में दो सगी बहनें थीं।

वहीं, एक अन्य घटना शनिवार को दोपहर दो बजे नरैनी पहाड़ मतदान केन्द्र पर हुई। यहां लोग मतदान के लिए लाइन लगाए हुए थे, उसी समय आकाशीय बिजली गिरी। घटना में नौ लोग घायल हो गए। जिनको इलाज के लिए मऊगंज अस्पताल लाया गया। इनमें दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई गई है। इस तरह दो हादसों में तीन बच्चियों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग बुरी तरह झुलस गए। घायलों का उपचार जारी है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रीवा जिले के मऊगंज में आकाशीय बिजली गिरने से तीन बच्चियों की असामयिक मृत्यु पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति और शोकाकुल परिजन को यह दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री चौहान ने जिले के अन्य स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से घायल नागरिकों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।