मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक शादी समारोह में हर्ष फायर से दुल्हन के चाचा की मौत हो गई। पुलिस की छानबीन में सामने आया है कि जिस पिस्टल से गोली चली है वह मृतक की ही है। मृतक धीर सिंह तोमर सीआरपीएफ में तैनात था। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।
 पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि मुरैना जिले के पोरसा थाना क्षेत्र के ग्राम मटिया पूरा में राजेंद्र सिंह तोमर की बेटी की कल शादी थी। इसी दौरान वहां कार्यक्रम चल रहा था। तभी मंडप में अचानक किसी ने पिस्टल से हर्ष फायर किया। गोली दुल्हन के चाचा धीर सिंह तोमर को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल चाचा धीर सिंह तोमर को मुरैना के जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया। लेकिन यहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी।
 पुलिस के अनुसार पिस्टल मृतक सीआरपीएफ जवान धीर सिंह तोमर की बताई गई है। यह भी सामने आया है कि उस पिस्टल से कोई दूसरा व्यक्ति हर्ष फायर कर रहा था। पुलिस ने पिस्टल को कब्जे में ले लिया है। पुलिस सूत्रों का कहना कि उक्त पिस्टल मुरैना जिले की आर्म्स शाखा में पंजीकृत नहीं बताई जाती हैं। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।