बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के तिरोड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनघाट में मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पत्नी के देर रात तक मोबाइल चलाने से पति की नींद में खलल पड़ रहा था। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ। पहले पति ने पत्नी को थप्पड़ मारा, जिसके जवाब में पत्नी ने भी उसे थप्पड़ जड़ दिया। इससे गुस्साए पति ने मारपीट करते हुए उसका गला घोंट दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।सिवनघाट निवासी दिनेश राऊत और 27 वर्षीय सुषमा की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। बताया जा रहा है कि दिनेश शराब पीने का आदी था। इस वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। गुरुवार रात भी दोनों के बीच मोबाइल फोन को लेकर कहासुनी हो गई।
गुरुवार रात सुषमा देर तक मोबाइल फोन चला रही थी। पास में सो रहे दिनेश की नींद मोबाइल की रोशनी और आवाज से प्रभावित हो रही थी। उसने सुषमा से मोबाइल बंद करने को कहा, लेकिन उसने फोन चलाना जारी रखा। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में दिनेश ने सुषमा को थप्पड़ मार दिया। इसके जवाब में सुषमा ने भी उसे थप्पड़ मार दिया। इससे नाराज दिनेश ने उसके साथ मारपीट की और गला घोंटकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद करीब 10 से 15 मिनट तक सुषमा के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई तो दिनेश घबरा गया। उसने घटना छिपाने के लिए परिजनों को फोन कर सुषमा की तबीयत अचानक बिगड़ने की बात कही। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
एसडीओपी विकास सिंह के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले की हड्डी टूटने से मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने दिनेश से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने पत्नी की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
