नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमितों की सुनामी आ गई है। सोमवार को देश में कोरोना संक्रमण ने अब तक के सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। देश में पिछले 24 घंटों में 2 लाख 74 हजार 944 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इस बीच, 1 लाख 43 हजार 701 लोग रिकवर हुए, जबकि 1620 मरीजों ने दम तोड़ दिया। कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में बेड, वेंटिलेटर, रेमडेसिविर और ऑक्सीजन की किल्लत हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।
भारत में कोरोना की चपेट में आने वालों का आंकड़ा रविवार को डेढ़ करोड़ के पार हो गया। अब तक 1 करोड़ 50 लाख 57 हजार 767 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 29 लाख 48 हजार 848 लोग ठीक भी हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1 लाख 78 हजार 793 हो गई है। 19 लाख 23 हजार 877 मरीज ऐसे हैं जिनका अभी इलाज चल रहा है। एक्टिव केस का ये आंकड़ा अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा है।
कोरोना देश में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 2.74 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौत: 1,620
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.43 लाख
- अब तक कुल संक्रमित: 1.50 करोड़
- अब तक ठीक हुए लोग: 1.29 करोड़
- अब तक कुल मौतों की संख्या: 1.78 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या: 19.23 लाख
मध्यप्रदेश में कोरोना का हाल
राज्य में रविवार को 12,248 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 7495 लोग रिकवर हुए और 66 की मौत हो गई। मध्यप्रदेश में अब तक 4.08 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 3.34 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। 4,557 मरीजों की मौत हो गई है। 68,576 मरीजों का इलाज चल रहा है।
सीएम शिवराज ने रविवार को की बैठक
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को एक बैठक में कहा कि बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए संक्रमण की चेन को तोड़ना बहुत जरूरी है। उन्होंने अपील की कि आगामी 30 अप्रैल तक कोई भी अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकले। गांव, मोहल्लों, कॉलोनियों, बिल्डिंग्स आदि में लोग जनता कर्फ्यू लगाएं। इस दौरान आवश्यक वस्तुएं दो-चार व्यक्ति जाकर ले आएं। बाहर जाते समय मास्क अनिवार्य रूप से लगाएं। सामाजिक दूरी रखें तथा अन्य कोरोना संबंधी सावधानियों का पालन करें। सीएम ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि सभी के सहयोग से हम इस लड़ाई को जल्दी जीतेंगे, कोरोना शीघ्र हारेगा। उन्होंने कोरोना के विरुद्ध लड़ाई में सभी धार्मिक, सामाजिक, राजनैतिक तथा अन्य संगठनों एवं जन-सामान्य से पूरा सहयोग करने की अपील की।
सरकार अपने स्तर पर पूरे प्रयास कर रही है
सीएम ने कहा कि कोरोना का संकट अत्यंत विकट है, यह एक युद्ध है, जिसमें सबको सारे मतभेद भुलाकर एकजुट होकर लड़ना पड़ेगा। सरकार अपने स्तर पर पूरे प्रयास कर रही है, लेकिन जब तक समाज का पूरा सहयोग नहीं मिलेगा, हम कोरोना को शीघ्र नियंत्रित नहीं कर पाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीमारी के थोड़े भी लक्षण दिखने पर तुरंत जांच करवायें और होम आइसोलेशन अथवा कोविड केयर सेंटर में रहकर इलाज लें। यहां सरकार द्वारा दवाओं, डॉक्टर का परामर्श आदि की पूरी व्यवस्था की गई हैं।
होम आइसोलेशन में सभी सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि होम आइसोलेशन में सरकार द्वारा कोरोना के इलाज की सभी सुविधाएं प्रदान की जा रही है। आवश्यकता होने पर अस्पताल ले जाने के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की जा रही है। जिन मरीजों के घर में जगह कम है, वे कोविड केयर सेंटर में रहें। वहां पर दवाई के अलावा भोजन, चाय-नाश्ता आदि की व्यवस्था भी की गई है। सभी जिलों में कोविड केयर सेंटर चालू हो गए हैं।
बिस्तरों की संख्या निरंतर बढ़ाई जा रही है
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अस्पतालों में बिस्तरों की संख्या लगातार बढ़ा रही है। जहां एक अप्रैल को हमारे पास कुल 21 हजार 159 बिस्तर उपलब्ध थे, वहीं आज बिस्तरों की संख्या बढ़कर 40 हजार 784 हो गई है। पिछले तीन दिनों में लगभग 3 हजार बेड्स बढ़े हैं।
रेमडेसीविर इंजेक्शन की आपूर्ति
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में 8 अप्रैल से अब तक सरकारी सप्लाई और निजी क्षेत्र की सप्लाई मिलाकर लगभग एक लाख रेमडेसिविर इंजेक्शन आ चुके हैं। आज हैटरो कंपनी से 12 हजार इंजेक्शन की सरकारी सप्लाई प्राप्त हो रही है। मॉयलॉन कंपनी से 20 अप्रैल को 20 हजार इंजेक्शन प्राप्त होंगे।
निरंतर बढ़ रही है ऑक्सीजन की आपूर्ति
सीएम ने कहा कि प्रदेश में ऑक्सीजन की आपूर्ति निरंतर बढ़ाई जा रही है। प्रदेश में 8 अप्रैल को 130 एमटी ऑक्सीजन की आपूर्ति थी। वहीं 14 अप्रैल को यह बढ़कर 280 एमटी, 16 अप्रैल को 350 एमटी तथा 17 अप्रैल को 390 एमटी हो गई। आगामी 30 अप्रैल तक प्रदेश में ऑक्सीजन की आपूर्ति 700 एमटी हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने इसके लिए केन्द्र सरकार को धन्यवाद भी दिया। उन्होंने बताया कि इसके अलावा जिलों में छोटे-छोटे ऑक्सीजन प्लांट प्रारंभ किए जा रहे हैं, तथा बड़ी संख्या में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भी भिजवाए जा रहे है।
सरकारी भवनों में भी प्रारंभ किए जा सकेंगे निजी अस्पताल
सीएम शिवराज ने कहा कि कोरोना के इलाज में निजी अस्पतालों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि यदि इस समय कोई निजी अस्पताल चालू करना चाहता है, तो उसे शासकीय भवन व अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इन्दौर में राधा स्वामी सत्संग व्यास द्वारा एक बड़ा कोविड केयर सेंटर शुरू किया गया है।
कोरोना वॉलेंटियर्स बनें
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना वॉलेंटियर्स कोरोना के नियंत्रण में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सेवा का इच्छुक कोई भी व्यक्ति 181 पर कॉल कर कोरोना वॉलेंटियर्स बन सकता है। प्रदेश में अभी तक 97 हजार 500 कोरोना वॉलेंटियर्स पंजीकृत हुए हैं।
