मध्यप्रदेश में सांची का पैक्ड दूध 14 नवंबर से 4 रुपए प्रति लीटर तक महंगा हो जाएगा. भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और बुंदेलखंड दुग्ध संघों ने दूध की कीमतों में वृद्धि की है. पैकिंग सामग्री और परिवहन लागत बढ़ने को इसकी प्रमुख वजह बताया गया है.
दुग्ध संघों के मुताबिक, बढ़ती लागत के बीच वित्तीय स्थिति संतुलित बनाए रखने के लिए कीमतों में संशोधन जरूरी हो गया था. इससे पहले अमूल ने भी 12 नवंबर से दूध के दाम 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ाए हैं.
भोपाल में सांची की रोजाना 3 लाख लीटर बिक्री
मध्यप्रदेश में पैक्ड दूध के बाजार में सांची की सबसे ज्यादा खपत है. भोपाल में खुले दूध की रोजाना खपत 6 से 8 लाख लीटर के बीच है. वहीं, पैकेट वाले दूध में सांची की औसतन 3 लाख लीटर प्रतिदिन बिक्री होती है. अमूल की रोजाना खपत करीब 80 हजार लीटर है.
इसके अलावा सौरभ और श्रीधी ब्रांड के दूध की संयुक्त बिक्री लगभग 1 लाख लीटर प्रतिदिन है. इनकी सप्लाई भोपाल शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी होती है. मदर डेयरी का दूध मुख्य रूप से शहरी क्षेत्रों में बिकता है.
अमूल के बाद सांची ने भी बढ़ाए दाम
अमूल ने 12 नवंबर से दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है. इसके बाद अमूल गोल्ड का एक लीटर पैकेट 70 से बढ़कर 74 रुपए और अमूल फ्रेश 57 से बढ़कर 59 रुपए हो गया है.
अमूल की कीमतें बढ़ने के अगले दिन 13 नवंबर को सांची ने भी नई दरें लागू करने का आदेश जारी किया. सांची की संशोधित कीमतें 14 नवंबर से प्रभावी होंगी.
मदर डेयरी की कीमतों पर भी नजर
मदर डेयरी ने नई दिल्ली में दूध के दाम बढ़ाए हैं, लेकिन मध्यप्रदेश में फिलहाल कीमतों में बदलाव नहीं किया है. हालांकि, अमूल और सांची के बाद प्रदेश में भी मदर डेयरी की कीमतें बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.
मध्यप्रदेश में मदर डेयरी की रोजाना सप्लाई करीब डेढ़ लाख लीटर है. इसमें भोपाल की हिस्सेदारी लगभग 25 हजार लीटर है. कंपनी मंडीदीप, इटारसी, नर्मदापुरम, सागर, विदिशा, ललितपुर, हरदा और इंदौर में भी दूध की आपूर्ति करती है.
