श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर शहर में शनिवार को आवारा कुत्तों के आतंक ने लोगों को दहशत में डाल दिया। शहर के कई इलाकों में कुत्तों ने अचानक लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया और महज दो से तीन घंटे के भीतर करीब 40 लोगों को काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में घायल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के साथ एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम किला रोड, मेवाती मोहल्ला, छारबाग, चूड़ी बाजार, बालापुरा और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों ने उत्पात मचाया। राह चलते लोगों, बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं पर कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जो भी उनकी नजर में आया, वह हमले का शिकार बन गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ ही घंटों में करीब 40 लोग कुत्तों के हमले में घायल हो गए। कई लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि कुछ गंभीर रूप से जख्मी हुए और उनके हाथ-पैरों से खून बहने लगा। घटना के बाद शहर में भय का माहौल बन गया और लोग घरों से निकलने में भी सतर्कता बरतने लगे। हमले में नाजिम खान, राजू गौर, यासीन हाफिज, काडू, सत्तार, घनश्याम गौड़, आमीन खान, अब्दुल खान, फिरोज, गनी, शाहीन खान, मोनू, गफूर खान, सोनू आर्य, परमानंद, मोहसिन और रणवीर समेत करीब 40 लोग घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल युवक के दोस्त वसीम खान ने बताया कि मेला ग्राउंड के पास एक आवारा कुत्ते ने उसके दोस्त पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में 40 से अधिक लोग कुत्तों के काटने के बाद इलाज कराने पहुंचे थे। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका कि हमला एक ही कुत्ते ने किया या कई कुत्ते इस घटना में शामिल थे।

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. एस.एन. बिंदल ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया और उन्हें एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई गई। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुत्ते के काटने की स्थिति में लापरवाही न बरतें और तुरंत अस्पताल पहुंचकर इलाज कराएं।

एक ही दिन में इतने लोगों के घायल होने की घटना ने नगर प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहरवासियों का कहना है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या लंबे समय से समस्या बनी हुई है, लेकिन इसके नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। अब लोगों की नजर प्रशासन पर है कि वह इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए क्या कार्रवाई करता है।