ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस ने म्यांमार के 2 युवकों को गिरफ्तार कर मानव तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने बांग्लादेश के शरणार्थी शिविर से अवैध रूप से भारत लाई गईं म्यांमार की 4 युवतियों को अलीगढ़ से बरामद किया है। इनमें दो नाबालिग हैं। इन युवतियों को कथित तौर पर शादी कराने के लिए कश्मीर ले जाया जा रहा था। ग्वालियर जीआरपी अब गिरोह के बाकी साथियों और भारत में दाखिल होने के रास्तों का पता लगा रही है।

खुफिया सूचना पर ऐक्शन
ग्वालियर जीआरपी को शनिवार को भोपाल से खुफिया सूचना मिली कि स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 12643 के जनरल कोच में म्यांमार का एक संदिग्ध युवक सफर कर रहा है। सूचना में आशंका जताई गई थी कि युवक मानव तस्करी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल हो सकता है।

म्यांमार के मुबीन को दबोचा
सूचना मिलते ही ग्वालियर जीआरपी थाना प्रभारी दीपशिखा सिंह तोमर ने पुलिस टीम के साथ ट्रेन में चेकिंग शुरू की। तलाशी के दौरान म्यांमार निवासी 25 वर्षीय मुबीन को पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, मुबीन हैदराबाद में रह रहा था। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके एक अन्य साथी का पता लगाया।

4 युवतियों को बरामद किया
पुलिस के अनुसार, मुबीन ने बताया कि उसका साथी म्यांमार निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद हसन अलीगढ़ में कुछ युवतियों के साथ मौजूद है। इसके बाद ग्वालियर जीआरपी की टीम ने अलीगढ़ में दबिश दी। यहां मोहम्मद हसन के कब्जे से 4 युवतियों को बरामद किया गया।

युवतियों में दो नाबालिग
बरामद युवतियों में दो नाबालिग हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी युवतियों को केवल रोहिंग्या और स्थानीय भाषा आती थी। भाषा की समस्या के कारण पुलिस को पूछताछ में काफी परेशानी हुई। इसके बाद पुलिस ने दुभाषिए की मदद से युवतियों से बातचीत की और उनके बारे में जानकारी जुटाई।

कश्मीर ले जाकर करानी थी शादी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवतियों को बांग्लादेश के कुतुपालोंग शरणार्थी शिविर से अवैध तरीके से भारत लाया गया। इसके बाद उन्हें अलग-अलग जगहों से होते हुए कश्मीर ले जाने की तैयारी थी। कश्मीर में इन युवतियों की शादी कराई जानी थी।

इन बातों का पता लगा रही पुलिस
जीआरपी अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवतियों को भारत में किस रास्ते से लाया गया और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कश्मीर में शादी कराने के पीछे किसकी भूमिका थी। दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब मानव तस्करी के इस कथित नेटवर्क की अन्य कड़ियों को खंगाला जा रहा है।