दतिया | मध्य प्रदेश के दतिया जिले में स्विटजरलैंड की महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों की पहचान कर ली है। वहीं पीड़ित महिला को पुलिस सुरक्षा के बीच दिल्ली भेज दिया गया है।

अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, एम. एस. ढोडी ने  बताया है कि संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है, और सात में से पांच आरोपियों की पहचान कर ली गई है। लेकिन अभी गिरफ्तारी किसी की नहीं हुई है।  ग्वालियर में चिकित्सकीय परीक्षण कराए जाने के बाद दतिया वापस आई युवती को पुलिस सुरक्षा में दिल्ली भेज दिया गया है।  सिविल लाइन थाना प्रभारी, आर. पी. गुर्जर द्वारा मीडिया से चर्चा के दौरान तीन आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किए जाने से भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस आरोपियों की पहचान करने के बाद उनके पास से लूट का माल बरामद करने के प्रयास कर रही है, और उसी के बाद ही आरोपियों का खुलासा करेगी।  ज्ञात हो कि भारत भ्रमण पर आई एक स्विस महिला को हथियार बंद सात बदमाशों ने शुक्रवार रात अपनी हवस का शिकार बनाया था  यह महिला दरिंदगी का शिकार तब बनी थी, जब वह अपने विदेशी साथी के साथ साइकिल से ओरछा से आगरा जा रही थी। इस दौरान शुक्रवार को वे झरिया गांव के पास टेंट लगाकर रुक गए थे। यहां इस दंपत्ति के साथ लूटपाट की गई और आरोपियों ने पति को बंधक बनाकर महिला से दुष्कर्म किया।  पीड़ित विदेशी दंपति ने सिविल लाइन थाने में सात अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराते हुए घटनाक्रम का ब्यौरा दिया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए जंगल में तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने लगभग 20 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, मगर अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।  पीड़ित महिला को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए शनिवार को ग्वालियर मेडिकल कॉलेज के अस्पताल ले जाया गया था, जहां तीन महिला चिकित्सकों के दल ने उसका परीक्षण किया। देर शाम स्विटजरलैंड दंपति दतिया वापस आए और उसके बाद उन्हें पुलिस सुरक्षा के बीच दिल्ली रवाना कर दिया गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *