इंदौर। मध्यप्रदेश की संस्कारधानी इंदौर पुलिस की जनसुनवाई में मंगलवार को पुलिस परिवार की महिलाओं ने एक पुलिसकर्मी के ही खिलाफ शिकायत की है। महिलाओं का आरोप है कि पुलिसकर्मी को गाने का शौक है, वह अपने घर में तेज म्यूजिक चालू कर अश्लील गाने गाता है, जिससे पूरे ब्लॉक की महिलाएं परेशान हैं, बच्चे पढाई नहीं कर पाते हैं। जब भी कोई उसे समझाने जाता है तो वह यही कहता है, मुझे गाने का शौक है मैं तो गाऊंगा.. जो करना है कर लो।

डीआईजी रुचि वर्धन मिश्र के समक्ष मंगलवार को ये परेशानी लेकर चौथी पल्टन पुलिस लाइन की कई महिलाएं एकजुट होकर पहुंची। महिलाओं ने बताया कि हम भी पुलिस परिवार से हैं, लेकिन हमारी पुलिस लाइन के एक ब्लॉक में रहने वाला पुलिसकर्मी मनोज चौधरी ने सभी को परेशान कर रखा है। मनोज वरिष्ठ कार्यालय में डाक बांटने का काम करता है। वह ब्लॉक में जब भी आता है तो तेज म्यूजिक चालू कर गाने गाता है। कभी दिन में तो कभी शाम को तो कभी देर रात को उसके गाने से पूरा ब्लॉक परेशान है। कई बार महिलाओं ने उसे समझाया तो वह बदसलूकी करता है। किसी की भी नहीं सुनता, उल्टा वरिष्ठ अधिकारियों से संबंध होने का बोलकर धमका देता है। उसके गाने के कारण बच्चों की पढाई को भी नुकसान हो रहा है। इस शिकायत पर एएसपी राजेश व्यास ने तत्काल सुनवाई करते हुए एएसपी मनीषा पाठक सोनी को शिकायत दी और पुलिस जवान मनोज चौधरी को तत्काल कार्यालय उपस्थित होने के लिए कहा। बाद में एएसपी ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि अब उन्हें वह परेशान नहीं करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *