इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर संभाग के खण्डवा में कोतवाली थाने में मंगलवार को नशे में धुत आरक्षक ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान समझाने गए एएसआई को उसने थप्पड मारकर अपमानित किया। हंगामा कर रहे जवान को पुलिसकर्मियों द्वारा रस्सी से बांधकर मेडिकल के लिए अस्पताल ले जाने पर उसने ड्यूटी डॉक्टर से भी बदसलूकी की। पुलिस अधिकारी सेे अभद्रता और शराब पीने के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने आरक्षक को निलंबित कर दिया है। कोतवाली टीआई को जांच का जिम्मा सौंपा गया है।

कोतवाली थाने की डायल 100 में आरक्षक नंदराम डाबर पदस्थ है। मामला दोनों के बीच पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। इसे लेकर दोपहर नंदराम ने थाने में हंगाम शुरू कर दिया। नशे में धुत आरक्षक साथी पुलिसकर्मियों की समझाइश पर भी शांत नहीं हुआ।

इसके बाद ने एएसआई भीमसिंह अटकडे को आरक्षक ने उन्हें चांटा मार दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पुलिसकर्मी भी भौंचक्के से रह गए। पुलिसकर्मियों ने बेकाबू आरक्षक के दोनों हाथ पकडकर रस्सी से बांध दिए। हालांकि एएसआई अटकडे की ओर से आरक्षक के विरुद्ध अभी कोई शिकायत नहीं की गई है। तीन पुलिसकर्मियों द्वारा आरक्षक का हाथ बांधकर मेडिकल के लिए अस्पताल ले जाया गया।

हंगामा मचा रहे जवान को पुलिसकर्मी पकड़कर टीआई बीएल मंडलोई के पास ले गए। टीआई ने उसे फटकार लगाते हुए नशा नहीं करने की समझाइश दी। यहां आरक्षक शांत रहकर बात सुनता रहा लेकिन कक्ष से बाहर आते ही वह फिर हंगामा करने लगा। इसके बाद उसे हाथ बांधकर थाने में बैठा दिया गया।

नशा उतरने पर करीब एक घंटे बाद उसे थाने से घर भेज दिया गया। टीआई मंडलोई ने बताया कि आरक्षक नशे में इससे पहले भी हंगामा कर चुका है। उसे हर बार समझाइश देकर छोड दिया जाता था। बताया जाता है कि आरक्षक की पत्नी भी उसे कुछ महीनों पहले छोड़कर चली गई है। उसके साथ भी वह मारपीट करता रहता था।

पुलिस अधीक्षक डॉं. शिवदयाल सिंह ने बताया कि आरक्षक का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया जिसमें प्रथम दृष्टया आरक्षक के नशे में होने की पुष्टि हुई है। वहीं उसके द्वारा एएसआई के साथ अभद्रता भी की गई है। इसके चलते आरक्षक को निलंबित कर दिया गया है। कोतवाली टीआई को मामले की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *