ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के ऊमरी में एटीएम बूथ पर कम पढे लिखे लोगों के कार्ड बदलकर उनके खातों से पैसे उडाने वाले गिरोह के तीन सदस्य ऊमरी पुलिस ने पकड लिए हैं। यह लोग एक होटल पर पार्टी कर रहे थे। पुलिस ने इन्हें न्यायालय में पेश कर रिमांड पर ले लिया है। जहां उनसे उनके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
भिण्ड जिले के ऊमरी थाने के टीआई रविंद्र सिंह गुर्जर ने आज यहां बताया कि 26 जुलाई को रामकिशोर बघेल निवासी फूले का पुरा नयागांव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके भाई ऊमरी कस्बे में एसबीआई के एटीएम बूथ से पैसे निकाल रहे थे। तभी उनका कार्ड बदलकर अज्ञात बदमाशों ने 15 हजार रुपए की धोखाधडी कर दी। इस घटना के बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। कल दोपहर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कस्बे के देवा ढाबा पर कुछ लडके पार्टी कर रहे हैं। पुलिस ने दबिश देकर उन्हें पकड लिया। जब कडाई से पूछताछ की तो उन्होंने एटीएम बूथ पर लोगों के कार्ड बदलकर धोखाधडी की बात स्वीकारी। पकडे गए आरोपियों के नाम मंगल सिंह दौहरे, दीपक सिंह निवासीगण मघापुरा तहसील कालपी, गोलू दौहरे निवासी तोलकपुरा तहसील माधौगढ जिला जालौन उत्तरप्रदेश के हैं। इनमें मास्टर माइंड गोलू है।
इस गिरोह का मास्टर माइंड गोलू ने पुलिस को बताया कि वह ऐसे एटीएम बूथ को चिंहित करता था जहां कम पढे लिखे लोग ज्यादा आते हैं। ऐसे बूथ पर उसके मुताबिक व्यक्ति मिलने पर वह उनके पीछे इस तरह से खड़ा होता कि दूसरे व्यक्ति को लगे वह एटीएम मशीन से टिका हुआ है। जबकि उसका हाथ कीबोर्ड के पास रहता था। सामने वाला व्यक्ति जैसे ही अपना पासवर्ड डालता वह उसे देख चालाकी से दूसरा बटन दबा देता, जिससे पासवर्ड फेल हो जाता। वहीं इसी दौरान स्टार और हेज के बटन पर क्विकफिक्स डालकर उसे जाम कर देता। ताकि दुबारा एटीएम काम न करें। फिर उस व्यक्ति को यह बताकर एटीएम काम नहीं कर रहा और उसका कार्ड बदल देते थे। गोलू ने बताया कि उसने हरियाणा के पलवल में डेढ साल पहले आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम बूथ पर सिक्युरिटी गार्ड की नौकरी की थी। जहां उसकी मुलाकात एटीएम कार्ड बदलकर खाते से पैसा निकालने वाले गिरोह से हुई। वहीं उसने यह धोखाधडी करने का तरीका सीखा। इसके बाद उसने अपने अन्य साथियों के साथ यह काम शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि पिछले साल 2 अगस्त 2018 को भी उन्होंने इस एटीएम बूथ पर एक व्यक्ति से 47 हजार रुपए की धोखाधडी की थी।
ऊमरी पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त वेगनआर कार यूपी 92 जे 2839 और 17 हजार 500 रुपए भी जब्त कर लिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *