नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना का कहर जारी है। रात के करीब 9 बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 8521 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं और 39 लोगों की मौत हुई है। इससे पहले गुरुवार को 7437 लोग संक्रमित हुए थे और 24 मरीजों की मौत हुई थी।

पिछले साल 11 नवंबर के बाद सबसे ज्यादा मामले आज आए हैं। 11 नवंबर को 1 दिन में 8593 नए मामले सामने आए थे जो दिल्ली का अब तक का सबसे ज़्यादा मामलों का रिकॉर्ड है। राष्ट्रीय राजधानी में अब तक 706526 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं और 11196 मरीजों की मौत हुई है।

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। आज ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्कूल बंद रखने का फैसला किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘कोविड के बढ़ते मामलों के कारण, दिल्ली में सभी स्कूल (सरकारी, प्राइवेट सहित), सभी क्लासेज के लिए अगले आदेश तक बंद किए जा रहे हैं।’ दिल्ली के स्कूलों में बाकी क्लासेस पहले से ही बंद थी लेकिन 9वीं से 12वीं के बच्चे बोर्ड परीक्षा और प्रैक्टिकल क्लासेज के चलते अभिभावकों की लिखित सहमति के बाद स्कूल आ रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *