भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बेडरूम वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव पीसी मीना को सरकार ने हटा दिया। बताया जा रहा है कि वीडियो में पीसी मीना जैसा व्यक्ति नजर आ रहा है। वो पीसी मीना ही हैं, उनका हमशक्ल या जुड़वा भाई यह तो जांच के बाद पता चलेगा परंतु फिलहाल मीना को हटा दिया गया है।

मुख्यमंत्री कमलनाथ के निर्देश पर मुख्य सचिव सुधिरंजन मोहंती ने वायरल वीडियो के तथ्यों की प्राथमिक जांच के बाद करवाई की है। जिसके बाद मीना को जीएडी से हटाने का फैसला किया गया। मीना की जगह सामान्य प्रशासन विभाग का प्रभार कृषि उत्पादन आयुक्त प्रभांशु कमल को सौंपा गया है। मीना को संचालक आदिम जाति अनुसंधान संस्थान का संचालक बनाया गया है।

सूत्रों के मुताबिक 1984 बैच के आईएएस अफसर अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन पीसी मीना ने तबादला होने के पहले कल वह अचानक अपनी छुट्टी की अवधि तीन अगस्त तक के लिए बढाने का आवेदन दे दिया था। माना जा रहा था कि उन्हें फोर्स लीव पर भेजा गया है लेकिन मुख्यमंत्री कमलनाथ के सख्त रुख के चलते देर शाम मीना को सामान्य प्रशासन विभाग से उनकी छुट्टी करने का आदेश जारी हो गया।

इसके पहले सूचना का अधिकार कार्यकर्ता अजय दुबे ने ट्वीट कर मीना को विभाग से हटाकर अनियमितताओं की जांच कराने की मांग मुख्यमंत्री से की थी। इसे भी सोशल मीडिया में वायरल वीडियो से जोडकर देखा जा रहा था। दिनभर मंत्रालय में मीना के खिलाफ कार्रवाई किए जाने को लेकर हलचल थी। सामान्य प्रशासन विभाग कार्मिक के अधिकारी मुख्य सचिव के संदेश का इंतजार कर रहे थे। प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी का सोशल मीडिया पर वीडियो शनिवार देर रात वायरल हुआ था रविवार को यह दिनभर सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ। इसने राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल मची दी थी।

मुख्यमंत्री कमलनाथ के पास जब सोशल मीडिया में चल रहे वीडियो की जानकारी पहुंची तो उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए मुख्य सचिव सुधिरंजन मोहंती को तत्काल कार्रवाई करने के लिए निर्देश दे दिए थे। उधर, मीना ने अपनी छुट्टी तीन अगस्त तक के लिए बढाने का आवेदन मुख्य सचिव कार्यालय पहुंचा दिया। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक उन्हें कल ही कार्यालय आना था। लेकिन वह शर्म के चलते नहीं आए और अवकाश बढाने का आवेदन भिजवा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *