भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना की रोकथाम एवं उपचार सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी ज़िले क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप की बैठकें कर जिलावार रणनीति बनाएं। हमें हर हालत में कोरोना का संक्रमण रोकना है तथा जिन जिलों में संक्रमण नहीं है या कम है वहां संक्रमण नहीं फैलने देना है। विदिशा, उज्जैन, ग्वालियर, नरसिंहपुर तथा सौंसर में भी रविवार को लॉक डाउन रहेगा। चौहान आज मंत्रालय में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, डी. जी. पी. विवेक जौहरी, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान, अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा आदि उपस्थित थे।

चौहान ने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए हम तिहरी रणनीति अपना रहे हैं। पहला संक्रमण रोकने के सभी उपाय करना दूसरा अस्पतालों में कोरोना के उपचार की श्रेष्ठतम व्यवस्था तथा तीसरा प्रदेश में तेजी से वैक्सीनेशन करवाना जिससे कोरोना का संकट कम से कम हो सके। चौहान ने कहा कि पूरा लॉकडाउन अर्थव्यवस्था को ध्वस्त कर देता है तथा लोगों को बेरोजगार कर देता है। हमारा पूरा प्रयास रहेगा कि अर्थव्यवस्था को नुकसान भी ना पहुंचे और हम कोरोना के संकट से प्रदेश को सुरक्षित बाहर निकाल पाएं। इसके लिए जो भी आवश्यक उपाय होंगे सभी किए जाएंगे।

चौहान ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए जन जागरूकता बहुत आवश्यक है। इसके लिए प्रदेश में “मेरा मास्क मेरी सुरक्षा” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत लोगों में मास्क बांटे जा रहे हैं तथा उन्हें मास्क पहनने के लिए जागरूक किया जा रहा है। मास्क पहनने से कोरोना से 90 प्रतिशत सुरक्षा होती है। चौहान ने कहा कि कोरोना का संक्रमण न फैले इसके लिए आगामी त्यौहार आप घर पर ही रहकर पूरी श्रद्धा एवं आस्था के साथ मनाएं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जिन जिलों में कोरोना के 20 से अधिक प्रकरण हैंज़ वहां होलीदहन एवं शबे बारात प्रतीकात्मक रूप से ही हों। कहीं भी भीड़ नहीं हो, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए।

चौहान ने कहा कि सभी मास्क अनिवार्य रूप से लगाएं, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, हाथों को साफ रखें, सेनेटाइज करते रहें तथा निर्धारित कार्यक्रम अनुसार वैक्सीन अवश्य लगवाएं। मास्क आपको संक्रमित होने से बचाता है, सोशल डिस्टेंसिंग से आप कोरोना के कैरियर नहीं बनते, सैनिटाइजर कोरोना वायरस को मारता है तथा वैक्सीनेशन से कोरोना के विरुद्ध आपके शरीर में प्रतिरोधक क्षमता उत्पन्न होती है। अत: कोरोना से बचने के लिए इन सभी सावधानियों का आवश्यक रूप से पालन करें।

चौहान ने कहा कि आगामी 30 अप्रैल तक प्रचलित गाइडलाइन दरों पर ही रजिस्ट्री होंगी, दर नहीं बढ़ाई जाएगी। अत: रजिस्ट्री कराने में जल्दबाजी न की जाए। प्रदेश के उज्जैन एवं इंदौर संभागों में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी 27 मार्च से प्रारंभ हो रही है। शेष संभागों में खरीदी 01 अप्रैल से प्रारंभ होगी। साथ ही सभी संभागों में 27 मार्च से ही चना, मसूर एवं सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रारंभ हो रही है। प्रदेश में गत एक सप्ताह में कोरोना के प्रकरण दोगुने हो गए हैं। एक्टिव प्रकरण 11168 हो गए हैं। कोरोना की गत एक सप्ताह की औसत पाजिटिविटी दर 6.3 है जो देश कि साप्ताहिक औसत दर 4.6 से अधिक है।

मुख्यमंत्री द्वारा कोरोना की जिलेवार समीक्षा में पाया गया कि के सर्वाधिक नए प्रकरण इंदौर में 612 हैं। भोपाल में 425, जबलपुर में 156, उज्जैन में 83, रतलाम में 65, ग्वालियर में 63, खरगोन में 60, बैतूल में 54, सागर में 44, बड़वानी में 37, छिंदवाड़ा में 35, नरसिंहपुर 33, शहडोल में 27, बालाघाट में 26 तथा शाजापुर में 22 नए प्रकरण हैं। शेष ज़िलों में 20 से कम प्रकरण हैं। कोरोना के अधिकांश मरीज़ होम आइसोलेशन में हैं। चौहान ने निर्देश दिए कि सभी जिलों में अस्पतालों में कोरोना के उपचार की श्रेष्ठतम व्यवस्था रखें। आवश्यकता होने पर होम आइसोलेशन से अस्पताल ले जाने तुरंत व्यवस्था हो। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *