होशंगाबाद। मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले के तवा की बंद पड़ी चपलासर खदान से अवैध रेत से भरे 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर ला रहे राजस्व अमले पर रेत माफिया ने हमला कर दिया। रेत की 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ाकर ले गए। डंडों से लैस करीब आठ-दस लोगों ने गाडियों को घेर लिया। नायब तहसीलदार अतुल श्रीवास्तव और पटवारी यशवंत राजपूत, दूलेसिंह राजपूत, अभिषेक ठाकुर और हिमांशु साहू, कोटवार तुलसीराम से मारपीट कर दी गई। तहसीलदार निधि चौकसे को धमकाया गया। बाद में अफसर-कर्मचारियों ने भागकर जान बचाई।
नायब तहसीलदार निधि चौकसे ने बताया चपलासर खदान से अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली,जेसीबी जब्त करके बाबई थाने ला रहे थे, तभी गांव के 20 से ज्यादा लोगों ने घेराव कर दिया। मनमाड़ा और तवा नदी के बीच से तीन ट्रैक्टर ट्राली को छुड़ाने में सफल हो गए। पटवारी सहित अमले से मारपीट की। इसके बाद पुलिस फोर्स पहुंचा और ग्रामीणों को खदेड़कर राजस्व अधिकारियों को वापस लेकर आए। थाने पर ट्रैक्टर ड्राइवर संतोष, अनिल, सुखदेव, राजेश, साथी केशव, चंदन, अशोक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।
जिले में कृषि काम के नाम पर लिए ट्रैक्टरों से रेत चोरी माफिया करवा रहा है। इस पर रोक लगाने वाले अधिकारियों पर माफिया अब हमले भी करने लगा है। शहर में ही सैकड़ों ट्रैक्टर ट्रॉली बिना व्यावसायिक पंजीयन के रेत गिट्टी का परिवहन कर रही है।
जिले में अक्सर राजस्व विभाग के अधिकारी बिना पुलिस और खनिज अमले के बिना कार्रवाई करने पहुंच जाते हैं। इससे माफिया को निहत्थे अधिकारियों पर हमला करने का मौका मिल जाता है। पुलिस और खनिज विभाग की खाकी वर्दी देखकर रेत माफिया हमले से कतराते हैं।
19 जुलाई को रेत माफिया ने नायब तहसीलदार अतुल श्रीवास्तव पर मनवाड़ा में दूसरी बार हमला किया है। सरकारी गाडी तोडकर श्रीवास्तव पर जानलेवा हमला किया था।
26 जून 2019 को पटवारी संजय गौर पर पिलीकरार पर रेत माफिया ने हमला किया। हमले में पटवारी घायल हो गए थे।
अप्रैल 2019 में सिवनीमालवा के बाबरी घाट पर टीआई हंसकुमार ओनकर पर लाठियों और पत्थरों से हमला किया था।
अमले पर हमले के मामले में एसडीएम से रिपोर्ट मांगी
होशंगावाद कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया ने बताया कि राजस्व अमले पर हमले की जानकारी ले रहे हैं। अगर रेत माफिया ने हमला कराया है तो कड़ी कार्रवाई करेंगे। मैंने एसडीएम से रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट मिलने के बाद र्कारवाई करेंगे।
