ग्वालियर । सभी अधिकारी कर्मचारी सम्पत्तिकर वसूली के लक्ष्य को ध्यान में रखकर टीमवर्क के साथ कार्य करें तथा हर हाल में सम्पत्तिकर वसूली का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है उसे पूरा करें। यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि निगम को मिलने वाले राजस्व के जो स्रोत हैं उनमें कतई लापरवाही न बरती जाए। उक्ताशय के निर्देश नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन ने सम्पत्तिकर वसूली की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक के दौरान अपर आयुक्त नरोत्तम भार्गव, दिनेश शुक्ला, राजेश श्रीवास्तव, उपायुक्त जगदीश अरोरा, सत्यपाल सिंह सहित सभी संबंधित सहायक सम्पत्तिकर अधिकारी, वसूली प्रभारी एवं कर संग्रहक उपस्थित रहे।
निगमायुक्त संदीप माकिन ने आज गुरूवार को नगर निगम के प्रशासनिक कार्यालय में आयोजित सम्पत्तीकर की समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारिया से वार्ड वार सम्पत्तिकर की समीक्षा की और कहा कि लक्ष्य अनुसार सम्पत्तिकर वसूली किये जाने हेतु प्रत्येक करसंग्रहक के लिए प्रतिदिन सम्पत्तिकर वसूली एवं आईडी कवरेज के लक्ष्य जारी किये गए थें। परंतु आज तक दिये गए लक्ष्य अनुसार वसूली नहीं की है। इसलिए अब आपके लिए प्रतिदिन का लक्ष्य प्रपत्र दिया जा रहा है। संबंधित अधिकारी प्रतिदिन बैठक कर लक्ष्य निर्धारित करें तथा शाम को लक्ष्य प्राप्ति की समीक्षा कर प्रपत्र को जमा करें। वित्तीय वर्ष में लगभग 45 दिन शेष रह गया है।
