ग्वालियर। मध्यप्रदेश के चंबल संभाग के भिण्ड-मुरैना में सिंथेटिक दूध बनाकर लोगों को सफेद जहर पिला रहे दूध विक्रेताओं पर कार्रवाई की गूंज भोपाल तक पहुँचने के बाद ग्वालियर दुग्ध संघ ने बडी कार्रवाई की है। ग्वालियर दुग्ध संघ यानि साँची ने अपने बानमोर स्थित प्लांट को दूध सप्लाई करने वाली भिण्ड और मुरैना की 200 दुग्ध सोसायटियों को ब्लैक लिस्टेड कर दिया है।

पिछले दिनों एसटीएफ ने खाद्य विभाग और जिला प्रशासन के साथ मिलकर भिण्ड और मुरैना में छापामार कार्रवाई की थी जिसके बाद भारी मात्रा में सिंथेटिक दूध जब्त किया गया था। दूध डेरियों और चिलर पर कार्रवाई करने के बाद ग्वालियर दुग्ध संघ ने भिण्ड और मुरैना की दूध सप्लाई करने वाली सोसायटियों के दूध की जांच शुरू की तो उसमें भारी मिलावट मिली। सोसायटियों द्वारा दिए गए नकली और मिलावटी दूध को सांची की मिल्क स्कैन मशीन ने पकड़ा । जिसे लाखों रुपए की लागत से बानमोर प्लांट में लगाया गया था । मशीन का अलार्म बजते ही दूध को नष्ट किया जाता है। सांची के प्लांट में लगाई गई मशीन इतनी बारीकी से परीक्षण करती है कि पॉइंट में घटने बढ़ने वाली प्रोटीन की मात्रा का हिसाब भी सामने आ जाता है । इससे एक्सपर्ट समझ जाते हैं कि दूध मिलावटी व सिंथेटिक है । यही कारण है कि दूध सप्लाई करने वाली कई फर्म साची को दूध सप्लाई नहीं करती हैं । ऐसे में कहा जा सकता है कि ये मशीन दूध का दूध और पानी का पानी कर देती है । खास बात यह है कि ग्वालियर दुग्ध संघ यानि कि सांची ग्वालियर में अपने 45 हजार ग्राहकों को हर दिन 30 हजार लीटर दूध की सप्लाई करता है । इसलिए उसने अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए नकली और अमानक दूध सप्लाई करने वाली 200 सोसायटियों को ब्लैक लिस्टेड किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *