इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में मानव तस्करी, धोखाधडी, लूट जैसे मामलों में घिरे जीतू सोनी का रसूख ध्वस्त करने के बाद इंदौर पुलिस ने फरार जीतू सोनी पर इनाम की राशि बढाकर 1 लाख रुपए करने की अनुशंसा राज्य सरकार से की है। गुरुवार देर रात जीतू के मुंबई में पुलिस को सरेंडर किए जाने की बात फिलहाल पुलिस ने नकार दी है। वहीं सोनी पर प्रेस कॉम्पलेक्स की जमीन धोखाधडी द्वारा हथियाए जाने का केस भी दर्ज किया गया है।

एसएसपी रुची वर्धन मिश्र ने मीडिया को बताया कि कई मामलों में फरार जीतू सोनी पर पुलिस द्वारा अब तक 30 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की जा चुकी है और अब इंदौर पुलिस ने इनाम राशि को बढाकर एक लाख रुपए किए जाने की अनुशंसा राज्य सरकार से की है। जीतू पर अब तक 23 एफआईआर दर्ज हो चुकी है। इनमें 9 पुरानी हैं।

एसएसपी के अनुसार मुंबई निवासी रवीन्द्र पंडित की शिकायत पर जीतू सोनी व रविन्द्र कुमार निगम के खिलाफ प्रेस कॉम्पलेक्स की जमीन धोखे से हथियाने का केस एमआईजी पुलिस द्वारा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया था कि उसके नाम से दैनिक नवीन अखबार के प्रकाशन के लिए 1987 में प्रेस कॉम्पलेक्स में प्लाट नंबर 23 का आवंटन इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा किया गया था। 1988 से 1991 तक रवीन्द्र पंडित ने दैनिक नवीन नामक अखबार का प्रकाशन उक्त आवंटित स्थान से किया था। उसके बाद वह इंदौर छोडकर मुंुबई चले गए थे।

कुछ समय बाद उन्हें पता चला की उनके प्लाट पर जीतू सोनी ने रविन्द्र निगम की मदद से कब्जा कर लिया है। और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दैनिक नवीन के स्थान पर नवीन इंदौर को जमीन का आवंटन बता दिया। बाद में रविन्द्र निगम ने उक्त भूखंड जीतू सोनी को दे दिया जिस पर सोनी ने संझा लोकस्वामी अखबार का कार्यालय प्रारंभ किया और इसके माध्यम से ब्लैकमेलिंग और अडिबाजी जैसे अपराध करने लगा।

रविन्द्र पंडित की शिकायत पर एमआईजी पुलिस ने जीतू सोनी और रविन्द्र कुमार निगम के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467,468,469,471 और 120-बी के तहत केस दर्ज कर लिया है। एसएसपी के अनुसार चुंकि लोकस्वामी की जमीन के मामले में पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज किया जा चुका है और जांच जारी है इसलिए लोकस्वामी प्रेस को सील किया गया है।

कलेक्टर लोकेश जाटव द्वारा संझा लोकस्वामी समाचर पत्र के प्रकाशक और मुद्रक जीतू सोनी द्वारा अखबर प्रकाशित करने संबंधी दिया गया घोषणा पत्र निरस्त कर दिया है। इसकी जानकारी आरएनआई दिल्ली को भेजी जा रही है। वहीं जनसंपर्क संचालनालय भोपाल ने सोनी की अधिमान्यता भी निरस्त कर दी है।

फरार जीतू सोनी द्वारा गुरुवार रात मुंबई में पुलिस को सरेंडर किए जाने की चर्चा है। इस मामले में एसएसपी का कहना है कि इंदौर पुलिस को इस संबंध में अब तक कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है और आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *