अशोकनगर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर संभाग के अशोकनगर में बुधवार शाम को दो युवतियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर समलैंगिक विवाह करने के लिए एसपी को आवेदन दिया है। इसमें युवतियों ने बताया कि एक युवती के परिजन उनकी प्यार में बाधा बन रहे हैं इसलिए अगर वे कोई रिपोर्ट करते हैं तो उनकी न सुनी जाए। क्योंकि हम दोनों बालिग हैं। दोनों युवतियां मुंगावली और चंदेरी की हैं। मुंगावली की युवती ने बताया कि उसके परिजन तो तैयार हो चुके हैं, लेकिन चंदेरी की युवती के परिजन उनके विवाह में बाधा बन रहे हैं। युवतियों ने बताया कि परिजनों का कहना है कि अगर तुम ऐसा करोगी तो आग लगा देंगे। इसलिए सुरक्षा मांगने आए हैं।
दोनों युवतियां में से एक के चेहरे पर दोनों तरफ ब्लेड के गहरे जख्म हैं। इन जख्मों के बारे में पूछा तो युवती ने बताया कि इनके चक्कर में ब्लेड मार ली। वहीं दूसरी युवती ने बताया कि परिजनों ने शादी से इंकार किया तो एक बार फांसी लगाने की कोशिश और दूसरी बार चूहामार गोली खा चुकी है। दोनों युवतियों का कहना है कि उनकी शादी नहीं हुई तो आत्महत्या कर लेंगी। पुलिस ने अगर तत्काल कोई निर्णय नहीं लिया और परिजन परेशान करते रहे तो हम दोनों की लाश मिलेगी। हम दोनों जिन्दा साथ नहीं रह सकते तो मरकर तो रहेंगे साथ।
एक युवती ने बताया कि वह सब्जी और फल बेचने से लेकर ऑटो तक चला लेती है। इसलिए आजीविका की भी समस्या नहीं होगी। एसपी पंकज कुमावत ने आवेदन लेकर मुंगावली पुलिस को नियमानुसार कार्रवाई के लिए भेजा है।
