गुना। मध्यप्रदेश के ग्वालियर संभाग के गुना जिले के रुठियाई जंक्शन के समीप अजमेर-जबलपुर दयोदय एक्सप्रेस हादसे की शिकार हो गई। ट्रेन की दो बोगियां देर रात्रि को अचानक पटरी से उतर गईं, जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों में हडकंप मच गया। बताया जा रहा है कि आउटर पर निर्धारित गति के नियमों को तोडकर ट्रेन चालक अत्याधिक स्पीड में ट्रेन दौडा रहा था, जिसके चलते ट्रेन की एसएलआर और जरनल बोगियां पटरी से उतर गईं।
जानकारी के मुताबिक ट्रैन हादसे के बाद तकरीबन 4 घंटे तक गुना-कोटा रेलवे ट्रेक पर यातायात पूरी तरह ठप पडा रहा। इधर हादसे की सूचना मिलने के बाद रेलवे का राहत अमला हरकत में आ गया, जिसने सुबह 5 बजे प्रभावित रुट पर रेल यातायात को बहाल कर दिया। फिलहाल रेलवे ने इस पूरी घटना में जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
