भोपाल:मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को एक्शन मुड में नजर आए। उन्होंने सख्त लहजे से कहा कि जो भी जनता को परेशान करेगा, दादागिरी करेगा, विकास के काम में अडंगा डालेगा उसे नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने अवैध उत्खन्न करने वालों को भी सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि या तो वह यह काम बंद कर दे नहीं तो प्रदेश छोड़कर चले जाए। पुलिस से साफ कहा गया है कि बदमाशों को मत छोड़ो, उन्हें कुचल डालो। मुख्यमंत्री चौहान ने मंगलवार को अपने निवास में धार जिले से आये पीड़ित जनजातीय लोगों से चर्चा करते हुए कहा कि उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होने गुंडों, बदमाशों और माफिया चलाने वालों से कहा कि वे मध्यप्रदेश छोड़कर चले जाएं, नहीं तो पुलिस उन्हें छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान पर कभी आंच नहीं आने देंगे।
शिकायत लेकर पहुंचे थे धार जिले के ग्रामीण
धार जिले के गंधवानी विधानसभा क्षेत्र के गांवों से बड़ी संख्या में जनजातीय समुदाय के लोगों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे लोग स्थानीय कांग्रेस नेता की गुंडागर्दी से परेशान हैं। पुलिस जब आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करती है तो पुलिस पर आरोप लगवाते हैं। कुछ आदिवासी समुदाय के ही परिवार आदतन अपराधों में लिप्त हैं। गांव के विकास की गतिविधियों में बाधा डालते हैं। मुख्यमंत्री को यह भी बताया कि तथाकथित दुष्कर्म पीड़ित महिलाओं के पति और परिवार के लोग स्वयं अपराधी प्रवृत्ति के हैं। उन्होंने बताया कि ऐसा कोई कृत्य नहीं हुआ है। कांग्रेसी नेता सिर्फ घिनौना आरोप लगा रहे हैं।
बदमाशों के लिए वज्र से ज्यादा कठोर बने पुलिस
मुख्यमंत्री चौहान ने इस पर कहा कि संबंधित घटना की निष्पक्ष जांच होगी और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि जनता के लिए फूल से ज्यादा कोमल और बदमाशों के लिए वज्र से ज्यादा कठोर बन जाएं। चोरी, डकैती, गुंडागर्दी को संरक्षण देने वाले और उन्हें प्रोत्साहित करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। पुलिस से साफ कहा है कि बदमाशों को मत छोड़ो, उन्हें कुचल डालो। उन्होंने कहा कि बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
आदिवासी युवाओं को देंगे रोजगार
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में कानून का राज स्थापित है। आदिवासी बहुल क्षेत्रों में पूरी गति से विकास कार्य करें। युवाओं को रोजगार देंगे। सड़कें, नहरें, बिजली पानी सब उपलब्ध रहेगा। जनता पर दादागिरी करने वालों को नहीं छोड़ा जाएगा। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह सहकारिता राज्य मंत्री विश्वास सारंग, जनजातीय समाज के नेता मलसिंह भाई, धार भाजपा अध्यक्ष बर्फा के साथ 500 से ज्यादा आदिवासी समुदाय के लोग मौजूद थे।
