भोपाल:मध्यप्रदेश सरकार 21 फरवरी को वर्ष 2017-18 का बजट पेश करने जा रही है। इस बजट को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को शिवराज कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें करीब 1.80 लाख करोड़ रुपए का बजट प्रारूप पेश किया गया। करीब 2.5 घंटे चले मंथन के बाद इस बजट प्रारूप को कैबिनेट ने अपनी मंजूरी दे दी। इस बार का बजट लगभग एक लाख 80 हजार करोड़ रुपए का होगा। शिवराज कैबिनेट ने मंगलवार को बजट मसौदे के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।अब इस बजट मसौदे को विधानसभा मे पेश किया जायेगा। इस बजट में राज्य सरकार के छह मिशन पर फोकस करते हुए इनके लिए भरपूर राशि का इंतजाम किया गया है।
इस बार बजट में मां नर्मदा के किनारे पौधरोपण से लेकर अन्य निर्माण कार्य और शुद्धिकरण के लिए पर्याप्त राशि का प्रावधान किया गया है। इनमें आधा दर्जन से अधिक शहरों के नालों के गंदे पानी को नर्मदा में मिलने से रोकने के लिए वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने के लिए भी भरपूर राशि की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा प्रदेश में शिशु और मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के लिए भी इस बजट में बढ़ी राशि का प्रावधान भी किया गया है। महिला सशतिकरण, युवाओं को रोजगार और कौशल विकास, सुक्ष्म सिंचाई परियोजना को लागू करने के लिए भी बजट में राशि का इंतजाम किया गया है।
