इंदौर। इंदौर पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आजाद नगर थाना क्षेत्र के तीन होटलों को सील कर दिया है। पुलिस को इन होटलों में संदिग्ध गतिविधियों और नियमों के उल्लंघन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। डीसीपी नरेंद्र रावत के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
दरअसल इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए होटल गोल्डन, होटल नमन और होटल बल्मेश्वरी पर कार्रवाई की है। पुलिस को इन होटलों में संदिग्ध गतिविधियों और कथित देह व्यापार की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में सामने आया कि होटल संचालकों द्वारा पुलिस वेरिफिकेशन सहित कई जरूरी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बीएनएस की धारा 223 के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए होटलों को सील कर दिया, वहीं धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए संबंधित आरोपियों को जेल भेजा गया है। एफएसएल टीम ने मौके से डीवीआर और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए हैं, जिनकी जांच जारी है। गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों से पूरे जोन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक 143 होटलों और 67 ढाबों की जांच की जा चुकी है। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 37 होटलों पर कानूनी कार्रवाई की गई है, जबकि 8 ढाबों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
