भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कोरोना वायरस से संक्रमित चौथा मरीज मिला है। लंदन से लौटी एक लड़की, उसके पत्रकार पिता और रेलवे का गार्ड के बाद एक युवक कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। युवक पहले जेके हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती हो गया था। हालत बिगड़ने पर उसे एम्स में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि उसके शरीर में संक्रमण काफी ज्यादा बढ़ चुका है।

यह वही युवक है जिसे पिछले दिनों इंदौर में क्वॉरेंटाइन किया गया था लेकिन 14 दिन से पहले ही फरार हो गया था। बताया गया है कि यह युवक से वापस आया है। फ्लाइट से दिल्ली उतरा। दिल्ली घूमने के बाद मुंबई पहुंचा। मुंबई से इंदौर। इंदौर शहर में युवक के अंदर कोरोनावायरस के संक्रमण के लक्षण दिखाई देने लगे थे। उसे क्वॉरेंटाइन किया गया, परंतु उसने डॉक्टरों की बात नहीं मानी और फरार हो गया। एक बाइक के जरिए कच्चे रास्ते पर चलते हुए युवक भोपाल आया। यहां तबीयत खराब होने पर जेके अस्पताल में लाकर भर्ती हो गया। स्थिति गंभीर हुई तब उसे एम्स में रेफर किया गया। आज उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया ने बताया कि सोमवार रात इलाज के लिए एक बीमार व्यक्ति को नीमच से भोपाल एम्स लाया गया था। देर रात एम्स में उसकी मौत हो गई। इस मरीज की अभी रिपोर्ट नहीं आई है।

कोरोना वायरस से संक्रमित युवक जे के अस्पताल में भर्ती हुआ था। भोपाल में संक्रमण को रोकने के लिए उन डॉक्टरों और स्टाफ की तलाश की जा रही है जो युवक के संपर्क में आए थे। समाचार लिखे जाने तक जेके हॉस्पिटल के किसी भी डॉक्टर या स्टाफ ने खुद को क्वॉरेंटाइन नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *