इंदौर। कोरोना से बचाव के लिए कथित तौर पर मास्क नहीं लगाने को लेकर विवाद में इंदौर पुलिस का बर्बर चेहरा देखने को मिला। यहां परदेशीपुरा क्षेत्र में 35 वर्षीय व्यक्ति को दो पुलिस आरक्षक ने मंगलवार को सड़क पर गिराकर बुरी तरह पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित ऑटो ड्राइवर बताया गया है। दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। हालांकि, पुलिस ने वीडियो में काट-छांट का दावा किया और कहा कि उस व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी।

वीडियो में दो पुलिसकर्मी एक व्यक्ति को बुरी तरह पीटते दिखाई दे रहे हैं, जबकि उसका किशोर बेटा और कुछ महिलाएं पुलिसकर्मियों से रहम की भीख मांगती नजर आ रही हैं। पुलिस अधीक्षक (पूर्वी क्षेत्र) आशुतोष बागरी ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों आरक्षकों को निलंबित कर दिया गया है और सीएसपी को मामले की जांच सौंपी गई है।

बागरी ने दावा किया कि वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति ने मास्क नहीं पहन रखा था। दोनों पुलिसकर्मियों ने उसे रोका तो उसने पुलिसकर्मियों के साथ बदतमीजी की। उसने पुलिस वालों का कॉलर पकड़ा और उनके साथ गाली-गलौज के साथ मारपीट की कोशिश की। 

पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि जिस व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों से कथित विवाद किया, उसकी पहचान कृष्णकांत कुंजीर (35) के रूप में हुई है। यह भी कहा कि कुंजीर स्मैक का आदी है और उसके खिलाफ चाकूबाजी, जबरिया उगाही के मामले भी दर्ज हैं। इस बीच, विपक्षी कांग्रेस के कई नेताओं ने भी इस मामले में राज्य की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *