जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर की लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को डिंडौरी बस स्टैंड के पास एक उपयंत्री को 30 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पकडे गए उपयंत्री ने आरोपी ने 16 लाख 90 हजार रुपए की लागत से निर्मित दो पुलिया भुगतान के एवज में 75 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। पहली किस्त के तौर पर 30 हजार रुपए लेकर फरियादी को डिंडौरी बस स्टैंड के पास बुलाया था।

जबलपुर लोकायुक्त डीएसपी दिलीप झरवड़े ने बताया कि ग्राम रैय्यत बजाग जिला डिंडोरी में रहने वाले ठेकेदार पवन विश्वकर्मा ने ग्राम मिड़की में दो पुलिया का निर्माण कराया था। दोनों पुलिया की लागत 16 लाख 90 हजार रुपए थी। 14 लाख रुपए का भुगतान जनपद पंचायत बजाग द्वारा कर दिया गया था। शेष 2 लाख 90 हजार रुपए के भुगतान के लिए सीसी व टेस्ट रिपोर्ट जारी करने के एवज में संविदा उपयंत्री दिनेश मिश्रा ने एक लाख रुपए रिश्वत मांगी थी।

सौदा 75 हजार रुपए में तय हुआ था। पवन विश्वकर्मा ने 17 मार्च को इसकी शिकायत एसपी अनिल विश्वकर्मा से की थी। बुलाए गए स्थान पर उपयंत्री दिनेश मिश्रा पहले से ही खड़ा रहा, जैसे ही पवन ने रिश्वत के 30 हजार रुपए दिए। वहां मौजूद लोकायुक्त डीएसपी दिलीप झरवड़े, टीआई कमलसिंह उईके सहित अन्य की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *