इंदौर। नवरात्रि पर्व को लेकर देशभर में गरबों की धूम है। शहर में भी गरबा पंडालों में गजब का उत्साह देखा जा रहा है। देर रात तक लोग यहां माता की भक्ति में लीन हैं। माता के भक्त गरबों के जरिए माता की आराधना करने में जुटे हुए हैं। हर साल की तरह इस बार भी गुजराती गर्ल्स कॉलेज में गरबों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं के साथ ही कॉलेज की फैकल्टी ने गरबा किया। छात्राओं के उत्साह को देखते हुए कॉलेज प्रबंधन गरबा प्रतियोगिता भी आयोजित करता है।
प्राचार्य डॉ. गोविंद सिंघल ने बताया कि देवी के नौ रूपों की उपासना का पर्व नवरात्रि पर गुजराती कॉलेज में गरबा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्टूडेंट्स ने गरबों की प्रस्तुति देते हुए माता की उपासना की। गुजराती कॉलेज में आयोजित गरबा में छात्राओं ने सुरक्षित पर्यावरण की थीम पर गरबे करते हुए समाज के सभी नागरिकों को प्लास्टिक मुक्त समाज व पानी बचाओ का संदेश विभिन्न स्लोगनों के माध्यम से दिया। गरबे में छात्राओं ने स्त्री शिक्षा, बेटी बचाओ.. बेटी पढ़ाओ.. जैसी विचारधारा को प्रमुखता से स्थान दिया। दो दिवसीय गरबा महोत्सव में छात्राओं के लिए बेस्ट ड्रेस, बेस्ट गरबा गर्ल, बेस्ट प्रस्तुति और गरबा क्वीन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
