जबलपुर. बुधवार को जिले में 653 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। आज 2847 सैंपलों की रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं। वहीं 6 लोगों की कोरोना से मौत हो गई। इसे मिलाकर जिले में मौत का आकंड़ा 303 पर पहुंच गया है। जबलपुर में कोरोना मरीजों की संख्या 24 हजार 222 तक पहुंच गई है, वहीं एक्टिव केस 3890 हैं।

जिले में रिकवरी रेट पिछले 15 दिनों में 91.92 प्रतिशत से घटकर 83.91 प्रतिशत तक आ गया है। पिछले 15 दिनों में इतनी बड़ी गिरावट शहर के नाजुक हालात बता रही है। शहर के प्राइवेट व सरकारी सभी अस्पताल फुल बताए जा रहे हैं और जहां एक-दो बेड खाली भी हैं, वहां ऑक्सीजन की कमी के चलते मरीज भर्ती नहीं हो पा रहे हैं। ऑक्सीजन की कमी और खपत को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अजय विश्नोई ने अपनी ही सरकार पर सवाल उठा दिए हैं।

कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में रेमेडिसिविर की तत्काल व्यवस्था कराई जा रही है। इसी के तहत बुधवार को रेमेडिसिविर इंजेक्शन की नई खेप जिले में पहुंची।मेडिकल कॉलेज को 3220 इंजेक्शन और विक्टोरिया जिला अस्पताल को 553 इंजेक्शन मिले हैं। रेमडेसिविर इंजेक्शन की कमी से कोरोना संक्रमितों का इलाज प्रभावित हो रहा था। रेमेडिसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी करने वालों को सीधा जेल भेजा जा रहा है।

कोरोना से रोजाना मरने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है, ऐसे में चौहानी श्मशानघाट छोटा पड़ने लगा है। यही कारण है कि नगर निगम ने अब तिलवाराघाट स्थित श्मशानघाट में भी कोरोना पॉजिटिव और कोरोना सस्पेक्टेड मृतकों का अंतिम संस्कार शुरू कर दिया है। इसके साथ ही चौहानी श्मशानघाट को विस्तार दिया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों की टीम बुधवार ने चौहानी श्मशानघाट का निरीक्षण किया।

कलेक्टर के आदेशानुसार कल 15 अप्रैल से किराना की सभी दुकानें पूरी तरह से बंद रहेंगी। इसके अलावा फल व सब्जी मंडियों को प्रात: 4 बजे से 8 बजे सुबह तक खुला रखा जाएगा, जिससे सब्जी के थोक एवं फुटकर व्यापारी यहां से फल व सब्जी खरीद सकेंगे, व फेरी लगाकर गली-गली बेच सकेंगे। नागरिकों को खरीददारी करने की इजाजत नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *