भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी में शाहपुरा थानाक्षेत्र में बुधवार सुबह जमीनी विवाद को सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इसमें सीएसपी समेत आधा दर्जन से ज्यादा पुलिस के जवान जख्मी हो गए। हबीबगंज सीएसपी भूपेंद्र सिंह को गंभीर चोटें आई हैं, जिससे उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शाहपुरा थानाक्षेत्र में रेलवे के रिटायर्ड और मौजूदा कर्मचारियों की सोसायटी है। यहां करीब 150 मकान हैं। एक मकान पूर्व सांसद आलोक संजर का भी है। केके पुरोहित इस सोसायटी के अध्यक्ष हैं। सोसायटी के खाली प्लॉट पर दस दुकानें बनाई गई हैं। इन दुकानों के पीछे ग्राम सब्जी फॉर्म के रहवासियों ने मंदिर का निर्माण करवाया है। सोसायटी के इसी प्लॉट को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा है।

बुधवार सुबह इसी जमीन के विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। गांव के 200-250 लोगों ने मिलकर इन दुकानों में तोडफोड कर दी। सभी लोहे की रॉड, सब्बल और गेंती लेकर पहुंचे थे। दुकानें अभी पूरी तरह तैयार नहीं थीं, इसलिए इनमें सामान नहीं था। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर जा पहुंची। भीड में शामिल कुछ लोगों ने पुलिस पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिए।

एएसपी संजय साहू के अनुसार बुधवार सुबह करीब 10 बजे ये बवाल 12 नंबर स्टॉप के पास रेलवे कॉलोनी की सोसायटी की जमीन को लेकर हुआ। जांच की जा रही है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

त्योहार के मद्देनजर पुलिस अब अलर्ट पर है। रेलवे कॉलोनी में विवाद के पूरी तरह से ना थमने तक सब्जी फॉर्म रेलवे कॉलोनी में जगह-जगह पर पुलिस बल तैनात है। मंदिर के साथ ही दुकानों के आसपास भी कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था की गई है, ताकि अगर कोई विवाद होता है तो उसे तत्काल शांत किया जा सके। वहीं हमले में शामिल 7 लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *