भोपाल। भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के खिलाफ खुली जं्रग का ऐलान कर दिया है। उन्होंने मध्यप्रदेश की झाबुआ की एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं वादा करता हूं यहां से बीजेपी जीतकर गई तो मुख्यमंत्री बदलने का काम हम करेंगे। राहुल जी तो नहीं कर पाए। यहां काबिल ए गौर यह है कि विजयवर्गीय ने सरकार बदलने की नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री बदलने की बात प्रमुखता से कही है।
चुनावी सभा के दौरान अपनी बात को संभालते हुए उन्होंने जोड़ा कि यदि यहां से कांग्रेस हारती है तो समझ आ जाएगी कि कमलनाथ की सरकार फेल है। मैं आपसे वादा करता हूं कि कमलनाथ जी को हम मुख्यमंत्री नहीं रहने देंगे। किसी भी हालत में इस सरकार को अपदस्थ करके बताएंगे। याद दिला दें कि पहले भी कैलाश विजयवर्गीय ने मुम्बईया लैंग्वेज में कहा था कि जिस दिन बॉस का इशारा हो जाएगा, 3 दिन में सरकार गिरा देंगे।
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता शिवराज सिंह चौहान की बातों में पद के जाने का दर्द साफ नजर आता है पंरतु कमलनाथ सरकार को गिराने की बात कभी नहीं करते, उल्टा कमलनाथ का रणनीतिक बचाव जरूर करते हैं। वो स्पष्ट कह चुके हैं कि बीजेपी जोड़-तोड़ की राजनीति नहीं करती है। कमलनाथ सरकार अपने कर्मों की वजह से गिरेगी, लेकिन जैसे ही कांग्रेस में गुटबाजी तेज होती है शिवराज सिंह चौहान एक ऐसा बयान देते हैं जो कमलनाथ को फायदा पहुंचाए और गुटबाजी की आग धीमी हो जाए।
