भोपाल ! स्कूल में नकल करते पकड़ाए 10वीं के छात्र ने घर आकर खुद पर केरोसिन डालकर आत्मदाह कर लिया। छात्र को गंभीर हालत में इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। कोहेफिजा पुलिस के मुताबिक खानूगांव निवासी 15 साल का सोनू अहिरवार पुत्र नानकराम अहिरवार वाजपेयी नगर में रहता है। वह वीआईपी रोड पर स्थित लावण्या गुरूकूल स्कूल में 10 वीं का छात्र है। बुधवार को उसका संस्कृत का पर्चा था। परीक्षा के दौरान उसे शिक्षक ने नकल करते पकड़ा था। शिक्षक ने सोनू का पेपर छीनकर घर से परिजनों को लेकर आने के लिए कहा था। सोनू अपने साथ मां सुमन को लेकर पहुंचा तो शिक्षक ने उन्हें बेटे की करतूत की जानकारी देने के साथ ही इस प्रश्न पत्र में फेल करने की बात कही। इसके बाद सोनू अपनी मां के साथ वापस घर चला गया। घर पहुंचने के कुछ देर बाद सोनू ने घर में रखा स्टोव का केरोसिन खुद पर डालकर आग ली। जब घरवालों ने कमरे से आगे की लपटें देखीं तो उन्होंने कंबल से बुझाकर सोनू को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचे। सोनू की मां का कहना है कि नकल करते पकड़ाने के बाद फेल होने के डर से ही सोनू ने आत्महत्या का प्रयास किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *