छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर लोकायुक्त पुलिस ने राजनगर तहसील के गोमाकला हल्का पटवारी को किसान से 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथों पकडा है। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

राजनगर तहसील के गोमाकला के किसान पन्ना लाल पटेल के नाम कपिलधारा कूप स्वीकृत हुआ था। इस केस का पटवारी प्रतिवेदन बनवाने के एवज में पटवारी रतीराम अहिरवार लगातार टाल रहा था। उसने किसान से प्रतिवेदन बनाने के लिए 10 हजार रुपए मांगे, बाद में 3 हजार रुपए में सौदा तय हो गया। हाल ही में उडद की फसल में अफलन की रिपोर्ट बनाने के लिए भी पटवारी किसान पन्ना लाल पटेल को परेशान कर रहा था।

इस मामले में वह उससे 2 हजार रुपए मांग रहा था। बाद में दोनों ही मामले में 5 हजार रुपए में सौदा तय हो गया। किसान पन्ना लाल ने लोकायुक्त पुलिस कार्यालय सागर पहुंचकर इसकी शिकायत की। मामले की सच्चाई जानने के बाद लोकायुक्त एसपी रामेश्वर सिंह यादव के निर्देशन में पूरी कार्यवाही का समय व दिन नियत किया गया।

लोकायुक्त एसपी रामेश्वर सिंह के निर्देशन में किसान पन्नालाल पटेल 5 हजार रुपए लेकर राजनगर गढी स्थित पटवारी के कार्यालय पहुंचा और रुपए पटवारी रतीराम अहिरवार के हाथ में थमाए। दूसरे ही क्षण लोकायुक्त डीएसपी राजेश खेडे के नेतृत्व में टीम ने पटवारी को रंगेहाथों दबोच लिया। उसके हाथ धुलवाए जाने पर लाल हो गए। लोकायुक्त पुलिस ने प्रकरण बनाया और उसे कोर्ट में पेश करने के लिए छतरपुर पहुंचे। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *