शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के नरवर तहसील में काली पहाडी गांव के मजरा परान में पति-पत्नी की करंट लगने से मौत हो गई है। पत्नी खाना बनाते समय उठी और किचिन से बाहर निकलने के लिए जैसे ही लोहे की चौखट पर पैर रखा तो करंट लगने से नीचे गिर गई। खाना खा रहा पति पत्नी को उठाने के लिए उठकर आया और पत्नी को जैसे ही पकडा तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से पति-पत्नी ने दम तोड दिया। सीहौर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला विवेचना में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक आरती सोलंकी (32) रामेश्वर सोलंकी घर की किचिन में खाना बना रही थी। समीप ही पति रामेश्वर सोलंकी (35) पुत्र नारायणसिंह बैठकर खाना खा रहा था। बताया जा रहा है कि किसी कारणवश आरती खाना बनाते समय उठी और किचिन से बाहर जाने लगी। लोहे की चौखट पर पैर रखते ही करंट लगा और नीचे गिर गई। खाना खा रहा पति रामेश्वर पत्नी को उठाने के लिए थाली छोडकर उठकर गया। जैसे ही आरती को पकडा तो रामेश्वर को भी करंट लग गया। करंट लगने से दोनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। बाद में सीहौर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और पति-पत्नी को सामुदायिक अस्पताल नरवर लेकर पहुंची। यहां परीक्षण के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पोस्ट मार्टम के बाद परिजन दोनों के शव गांव ले गए और गमगीन माहौल के बीच अंत्येष्टि की गई। पुलिस का कहना है कि तार लोहे के गेट में टकराया हुआ था वह बोरवेल की मोटर में इस्तेमाल होता है। रगड़ से यह तार जल्द ही छिल जाता है। यही वजह रही कि तार शॉर्ट हो गया और लोहे के गेट से टकरा गया। चौखट भी लोहे की बनी थी। इसलिए पहले आरती और फिर बचाने आए रामेश्वर की करंट लगने से मौत हो गई।

किचन की चौखट पर आरती और रामेश्वर को करंट लगा था वहां से 50 कदम की दूरी पर ट्रैक्टर पर रामेश्वर के पिता नारायणसिंह कुछ काम कर रहे थे। अचानक बेटा व बहू को नीचे पडा देखा और पास गए तो दोनो मुंह से कुछ नहीं बोल पा रहे थे। डंडा लाकर पहले तार को हटाया। बेटा व बहू में उस समय सांस चल रही थी, लेकिन कुछ ही समय बाद दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतक दंपति के दो बेटे हैं जिनमें पहला 14 साल और दूसरा 12 साल का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *