इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में 2 माह पहले ही शादी के बंधन में बंधे पति-पत्नी अभी एक दूसरे को समझ भी नहीं पाए थे कि पत्नी अपनी मौसी के घर शादी में चली गई, इसी बात से नाराज होकर पति ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजन शादी से लौटे तो उसे फंदे पर लटका पाया।
जांच अधिकारी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक मो. फईम निवासी बजरन कॉलोनी है। वह अभी गीता नगर क्षेत्र में पत्नी के साथ किराए का मकान लेकर रह रहा था। कल फईम की पत्नी की मौसी के यहां शादी थी, वहां पत्नी जाने का कह रही थी, लेकिन उसने उसे जाने से मना किया था। उसके जबरन शादी में जाने से नाराज होकर उसने आत्म हत्या कर ली।
भाई फिरोज ने बताया कि फईम ने पत्नी के साथ विवाद होने से दुखी होकर फांसी लगाई है। उसकी अभी दो महीने पहले ही शादी हुई थी। देर रात परिजन और पत्नी घर लौटे तो अंदर से फाटक लगा हुआ था, जब खिड़की से देखा तो फईम फंदे पर लटक रहा था। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है।
